जिला एवं सत्र न्यायाधीश प्रीति ठाकुर ने विधिक जागरूकता स्टॉल का किया शुभारंभ

जिला एवं सत्र न्यायाधीश प्रीति ठाकुर ने विधिक जागरूकता स्टॉल का किया शुभारंभ

चंबा, 28 जुलाई मुकेश कुमार (गोल्डी)

अंतरराष्ट्रीय मिंजर मेले के उपलक्ष्य में रविवार को जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा आयोजित विधिक जागरूकता स्टॉल का शुभारंभ जिला एवं सत्र न्यायाधीश प्रीति ठाकुर ने किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि इस स्टॉल का मुख्य उद्देश्य आमजन को उनके विधिक अधिकारों के प्रति जागरूक करना तथा उन्हें मुफ्त कानूनी सहायता की उपलब्धता के बारे में जानकारी देना है।उन्होंने बताया कि इस स्टॉल के माध्यम से राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण (NALSA) द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी जा रही है, जिनका उद्देश्य समाज के कमजोर और वंचित वर्गों को न्याय की पहुंच सुनिश्चित करना है।

स्टॉल पर दो अधिवक्ताओं की तैनाती की गई है, जो आम लोगों को इन योजनाओं से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां मुहैया करवा रहे हैं।जिला न्यायाधीश ने बताया कि स्टॉल के माध्यम से लोगों को लोक अदालतों, मध्यस्थता, निःशुल्क विधिक सहायता, महिला एवं बाल अधिकारों, वरिष्ठ नागरिकों, श्रमिकों व दिव्यांगजनों के लिए चलाई जा रही योजनाओं के बारे में जागरूक किया जा रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि इस प्रकार की पहलें न्याय तक समान पहुंच के सिद्धांत को मजबूत करती हैं।

इस अवसर पर अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश रमणीक शर्मा, मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी निखिल अग्रवाल, दंडाधिकारी पार्थ जैन, प्रधान जिला बार एसोसिएशन के अध्यक्ष मदन रावत तथा अधिवक्ता नितिन गुप्ता भी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान आगंतुकों को पंपलेट्स व जानकारीपूर्ण सामग्री भी वितरित की गई।यह जागरूकता स्टॉल मिंजर मेले के समापन तक आमजन के लिए खुला रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!