कल नाग पंचमी के पावन पर्व पर भुरू नाग मंदिर बनीखेत में होगा भंडारे का आयोजन

डलहौजी /चंबा 28 जुलाई मुकेश कुमार ( गोल्डी)
डलहौजी उपमंडल के बनीखेत स्थित ऐतिहासिक भुरू नाग मंदिर में कल मंगलवार को नाग पंचमी के पावन अवसर पर विशेष धार्मिक कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। मंदिर कमेटी की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार, इस शुभ अवसर पर हवन और भंडारे का आयोजन किया जा रहा है, जिसमें सभी श्रद्धालुओं को सादर आमंत्रित किया गया है।मंदिर कमेटी के प्रवक्ता ने बताया कि हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी नाग पंचमी पर्व पर परंपरागत रूप से कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है, जो नाग देवता की पूजा-अर्चना और क्षेत्र में सुख-शांति की कामना के साथ मनाया जाता है।

कार्यक्रम की शुरुआत प्रातः 9 बजे हवन के साथ होगी, जिसमें स्थानीय मंदिर पुजारी पंडित करतार शर्मा वैदिक मंत्रों के साथ पूजा संपन्न कराएंगे। इसके उपरांत दोपहर 1 बजे से भंडारे का आयोजन किया जाएगा, जिसमें श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया जाएगा।भुरू नाग मंदिर क्षेत्र के लोगों की आस्था का प्रमुख केंद्र रहा है और नाग पंचमी का यह आयोजन यहां विशेष धार्मिक महत्व रखता है।

यह मंदिर न केवल धार्मिक गतिविधियों का केंद्र है, बल्कि सामाजिक एकता और लोक परंपराओं को सहेजने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।मंदिर कमेटी ने सभी श्रद्धालुओं और क्षेत्रवासियों से अनुरोध किया है कि वे अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर इस धार्मिक अनुष्ठान में भाग लें और पुण्य लाभ प्राप्त करें।