राज्यपाल ने किया मिस्टिक विलेज खजियार (पुखरी) का दौरा, ग्रामीण पर्यटन को बताया भविष्य की दिशा प्राकृतिक सौंदर्य, स्वच्छता और संस्कृति से हुए अभिभूत

राज्यपाल ने किया मिस्टिक विलेज खजियार (पुखरी) का दौरा, ग्रामीण पर्यटन को बताया भविष्य की दिशा प्राकृतिक सौंदर्य, स्वच्छता और संस्कृति से हुए अभिभूत

चंबा 28 जुलाई मुकेश कुमार (गोल्डी)

हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल ने रविवार को चंबा जिले के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल खजियार के समीप स्थित मिस्टिक विलेज पुखरी का दौरा किया। इस दौरान लेडी गवर्नर जानकी शुक्ला भी उनके साथ मौजूद रहीं। राज्यपाल ने गांव की प्राकृतिक सुंदरता, समृद्ध सांस्कृतिक परंपराओं और स्वच्छ वातावरण की खुले दिल से सराहना की।

राज्यपाल ने कहा कि पुखरी जैसे गांव प्राकृतिक सौंदर्य, शांत परिवेश और स्वच्छता के कारण हिमाचल के पारंपरिक पर्यटन स्थलों की तुलना में कहीं अधिक आकर्षक हैं। उन्होंने रिस्पांसिबल टूरिज्म को समय की आवश्यकता बताते हुए कहा कि पर्यावरण संरक्षण व सतत विकास के दृष्टिगत इस मॉडल को बढ़ावा देना चाहिए।

उन्होंने कहा कि पुखरी गांव में होमस्टे के रूप में पर्यटकों के ठहरने की उत्तम व्यवस्था है, जो न केवल पर्यटन को बढ़ावा देती है, बल्कि ग्रामीण आर्थिकी को भी सशक्त बनाती है। उन्होंने इस क्षेत्र में आवाजाही और पर्यटन सुविधाओं को और अधिक मजबूत करने की आवश्यकता जताई और आश्वासन दिया कि इन मांगों को केंद्र सरकार, केंद्रीय वन मंत्रालय और राज्य सरकार के समक्ष उठाया जाएगा।

राज्यपाल ने अंतर्राष्ट्रीय मिंजर मेला-2025 की पहली सांस्कृतिक संध्या के अवसर पर आईसीआरटी इंडिया फाउंडेशन और जिला प्रशासन चंबा के बीच हुए समझौता ज्ञापन को भविष्य में चंबा के अनछुए पर्यटन स्थलों के विकास की दिशा में मील का पत्थर बताया।

इससे पहले ग्रामीणों ने पारंपरिक परिधान में राज्यपाल का गर्मजोशी से स्वागत किया और सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। कार्यक्रम में स्थानीय विधायक नीरज नैयर ने भी राज्यपाल का आभार प्रकट किया।

इस अवसर पर विधायक डॉ. हंसराज, डी.एस. ठाकुर, राज्यपाल के सचिव सी.पी. वर्मा, उपायुक्त मुकेश रेपसवाल, पुलिस अधीक्षक अभिषेक यादव, पर्यटन अधिकारी राजीव मिश्रा, अधिशासी अभियंता प्रवेश ठाकुर और ग्राम पंचायत सिंगी के उप-प्रधान अजय शर्मा सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!