एचपीटीडीसी कार्यालय धर्मशाला स्थानांतरित, आरएस बाली की दूरदर्शिता का नतीजा :- मनीष सरीन

कांगड़ा 29 जुलाई चंबा न्यूज़ एक्सप्रेस (ब्यूरो)
हिमाचल प्रदेश पर्यटन विकास निगम (एचपीटीडीसी) का मुख्यालय अब आधिकारिक रूप से शिमला के रिट्ज एनेक्स से स्थानांतरित होकर धर्मशाला के कश्मीर हाउस में कार्यरत हो गया है। इस ऐतिहासिक कदम को लेकर डलहौजी विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस नेता मनीष सरीन ने इसे निगम अध्यक्ष आरएस बाली की दूरदर्शी सोच और सशक्त नेतृत्व का परिणाम बताया है।गौरतलब है कि अप्रैल माह में आरएस बाली ने मुख्यमंत्री से निगम का मुख्यालय शिमला से धर्मशाला स्थानांतरित करने का आग्रह किया था। मुख्यमंत्री ने इस मांग पर सकारात्मक रुख अपनाते हुए इसे स्वीकृति दी। इसके बाद 28 जुलाई को राज्य सरकार द्वारा जारी अधिसूचना के तहत कार्यालय को तुरंत प्रभाव से धर्मशाला स्थानांतरित कर दिया गया।इस निर्णय पर आरएस बाली को प्रदेश भर से मिली-जुली प्रतिक्रियाएं प्राप्त हुईं, लेकिन उन्होंने अपने फैसले पर अडिग रहते हुए इसे अमलीजामा पहनाया। मनीष सरीन ने कहा कि धर्मशाला स्थानांतरण न केवल पर्यटकों के लिए सुगमता बढ़ाएगा, बल्कि भविष्य में यातायात और प्रशासनिक समस्याओं से भी राहत दिलाएगा। उन्होंने इसे जिला चंबा सहित समूचे हिमाचल के पर्यटन उद्योग के लिए मील का पत्थर बताया है।सरीन ने यह भी कहा कि आरएस बाली के कुशल नेतृत्व में एचपीटीडीसी के होटल लाभ में आ गए हैं, और यह निर्णय निगम के सतत विकास का प्रतीक है। उनका मानना है कि अब एचपीटीडीसी न केवल सुरक्षित हाथों में है, बल्कि अपने सुनियोजित प्रयासों से आगे भी सफलता की नई ऊँचाइयाँ छुएगा।यह कदम प्रदेश में पर्यटन को नई दिशा देने की ओर बढ़ाया गया साहसिक व सकारात्मक प्रयास है, जो आने वाले समय में दूरगामी प्रभाव डालेगा।