स्वास्थ्य विभाग की प्रदर्शनी में 86 लोगों की हुई जांच, हाई ब्लड प्रेशर और शुगर के मामले आए सामने

स्वास्थ्य विभाग की प्रदर्शनी में 86 लोगों की हुई जांच, हाई ब्लड प्रेशर और शुगर के मामले आए सामने

चंबा, 29 जुलाई मुकेश कुमार (गोल्डी)


अंतर्राष्ट्रीय मिंजर मेले के अवसर पर स्वास्थ्य विभाग चंबा द्वारा आयोजित प्रदर्शनी में आज 86 लोगों की असंक्रामक रोगों के लिए जांच की गई। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. बिपिन ठाकुर ने जानकारी देते हुए बताया कि यह जांच हिमाचल प्रदेश सरकार के आदेशानुसार आयोजित की गई थी, जिसका उद्देश्य आम जनता को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना और रोगों की समय रहते पहचान करना था।

जांच में यह पाया गया कि 22 लोगों का रक्तचाप सामान्य से अधिक था, जबकि 17 लोगों में रक्त शर्करा (ब्लड शुगर) का स्तर भी सामान्य से अधिक निकला। ऐसे सभी लोगों को उचित आहार लेने, नियमित व्यायाम करने, मानसिक तनाव से दूर रहने और पर्याप्त नींद लेने की सलाह दी गई। इसके साथ ही चिकित्सकीय परामर्श के अनुसार दवाइयों का नियमित सेवन सुनिश्चित करने की भी हिदायत दी गई।

प्रदर्शनी में एक अन्य स्टाल पर 37 संवेदनशील लोगों के हैंड-हेल्ड पोर्टेबल चेस्ट एक्स-रे किए गए। इनमें से दो व्यक्तियों के बलगम के नमूने जांच के लिए पंडित जवाहरलाल नेहरू राजकीय मेडिकल कॉलेज चंबा (Pt. JLNGMC) भेजे गए हैं, ताकि किसी संभावित संक्रमण की पुष्टि की जा सके।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. बिपिन ठाकुर ने बताया कि इस प्रकार की स्वास्थ्य प्रदर्शनी न केवल रोगों की शीघ्र पहचान में सहायक होती है, बल्कि नागरिकों को स्वास्थ्य के प्रति सजग करने का भी सशक्त माध्यम है। स्वास्थ्य विभाग का यह प्रयास आम जन के लिए अत्यंत लाभकारी सिद्ध हो रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!