सलूणी क्षेत्र में भारी बारिश का कहर, टिक्कर गांव में मकान क्षतिग्रस्त

सलूणी क्षेत्र में भारी बारिश का कहर, टिक्कर गांव में मकान क्षतिग्रस्त

चंबा, 29 जुलाई मुकेश कुमार (गोल्डी)

चंबा जिला की तहसील सलूणी के करवाल पंचायत अंतर्गत टिक्कर गांव में सोमवार सुबह भारी बारिश ने तबाही मचा दी। मूसलाधार बारिश के चलते गांव निवासी शिवो पत्नी स्वर्गीय देशराज का मकान पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया। राहत की बात यह रही कि हादसे के समय घर के अंदर कोई व्यक्ति मौजूद नहीं था, जिससे किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।स्थानीय लोगों के अनुसार, लगातार हो रही बारिश से मकान की दीवारें कमजोर हो गई थीं। तेज बारिश के चलते दीवारें अचानक ढह गईं और मकान की छत भी भरभराकर गिर पड़ी। इस हादसे से परिवार को भारी आर्थिक नुकसान हुआ है। उनका सारा घरेलू सामान मलबे में दब गया है, जिससे उनका जीवन यापन प्रभावित हुआ है।

घटना की जानकारी मिलते ही पंचायत प्रतिनिधियों के साथ-साथ राजस्व विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। प्रारंभिक तौर पर मकान को पूर्ण रूप से क्षतिग्रस्त घोषित किया गया है और नुकसान का आकलन किया जा रहा है। प्रभावित परिवार को तात्कालिक राहत पहुंचाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।स्थानीय पंचायत प्रधान ने जिला प्रशासन से मांग की है कि पीड़ित परिवार को शीघ्र आर्थिक सहायता दी जाए, ताकि वे पुनः अपने जीवन को सामान्य बना सकें। क्षेत्र में लगातार हो रही बारिश से अन्य घरों को भी खतरा बना हुआ है, जिसे देखते हुए प्रशासन ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है।इस हादसे ने एक बार फिर पर्वतीय क्षेत्रों में आपदा प्रबंधन की चुनौतियों को उजागर कर दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!