चंबा विधानसभा क्षेत्र में कम वोल्टेज की समस्या का होगा समाधान :- विधायक नीरज नैय्यर
योजना के तहत 8 करोड़ रुपए होंगे खर्च

चंबा 30 जुलाई मुकेश कुमार(गोल्डी)
विधानसभा क्षेत्र चंबा में लंबे समय से चली आ रही कम वोल्टेज की समस्या के समाधान की दिशा में बड़ी पहल की जा रही है। विधायक नीरज नैय्यर ने जानकारी दी कि पुनरुत्थान वितरण क्षेत्र सुधार योजना (Rural Distribution Sector Scheme – RDS Scheme) फेज-1 के तहत क्षेत्र में विद्युत आपूर्ति से जुड़ी समस्याओं के समाधान हेतु 8 करोड़ रुपये व्यय किए जाएंगे।यह जानकारी उन्होंने विद्युत बोर्ड अधिकारियों के साथ आयोजित समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करते हुए दी। विधायक ने बताया कि इस योजना के अंतर्गत बिनु, मियाड़ी, ढोली, साच, दियुल और दबोला जैसे ग्रामीण क्षेत्रों में पुराने व क्षमतावान ट्रांसफार्मरों को हटाकर अधिक क्षमता वाले ट्रांसफार्मर स्थापित किए जाएंगे।
इससे बिजली की गुणवत्ता में सुधार होगा और उपभोक्ताओं को स्थिर वोल्टेज उपलब्ध होगा।इसके साथ ही मटियारा, उदयपुर और जुम्महार समेत कई अन्य क्षेत्रों में भी नए ट्रांसफार्मर लगाए जाएंगे, जिससे इन स्थानों में निर्बाध और संतुलित विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित की जा सकेगी। विधायक नैय्यर ने कहा कि इस योजना से न केवल घरेलू उपभोक्ताओं को लाभ मिलेगा, बल्कि कृषि व छोटे-बड़े व्यवसायों से जुड़े उपभोक्ताओं को भी बेहतर सुविधा मिलेगी।उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी कार्य तय समय-सीमा के भीतर पूर्ण किए जाएं ताकि जनता को शीघ्र लाभ मिल सके।बैठक में अधीक्षण अभियंता राजीव ठाकुर, अधिशासी अभियंता प्रवेश ठाकुर, रेल विकास निगम के उप महाप्रबंधक रोहित ठाकुर, सहायक अभियंता अजय कुमार, तेजू राम ठाकुर समेत अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।