अंतर्राष्ट्रीय मिंजर मेले में सेना भर्ती से जुड़ा स्टॉल युवाओं के लिए बना आकर्षण का केंद्र

अंतर्राष्ट्रीय मिंजर मेले में सेना भर्ती से जुड़ा स्टॉल युवाओं के लिए बना आकर्षण का केंद्र

चंबा, 31 जुलाई मुकेश कुमार (गोल्डी)

अंतर्राष्ट्रीय मिंजर मेले के अवसर पर भारतीय सेना में भर्ती की जानकारी के लिए चंबा के चौगान मैदान में एक विशेष स्टॉल स्थापित किया गया है। आर्मी रिक्रूटिंग ऑफिस पालमपुर द्वारा लगाए गए इस स्टॉल का संचालन 26 जुलाई से 03 अगस्त 2025 तक किया जाएगा। इस पहल में जिला सैनिक कल्याण कार्यालय चंबा का भी सक्रिय सहयोग रहा है।

स्टॉल का मुख्य उद्देश्य युवाओं को सेना में भर्ती की प्रक्रिया, पात्रता, शारीरिक मानकों, लिखित परीक्षा, प्रशिक्षण और अन्य आवश्यक जानकारी उपलब्ध करवाना है। उपनिदेशक सैनिक कल्याण कार्यालय चंबा ने बताया कि इस स्टॉल के माध्यम से युवाओं को न केवल भारतीय सेना में करियर के विकल्पों की जानकारी मिल रही है, बल्कि वे अपने संदेहों का समाधान भी कर पा रहे हैं।

उन्होंने कहा कि यह पहल न केवल सेना में भर्ती की संभावनाओं को उजागर कर रही है, बल्कि युवाओं में देशसेवा की भावना को भी प्रबल कर रही है। इसके साथ ही यह स्टॉल युवाओं को एक लक्ष्यपूर्ण दिशा देने में सहायक सिद्ध हो रहा है।

आर्मी रिक्रूटिंग ऑफिस और सैनिक कल्याण विभाग की इस संयुक्त पहल को युवाओं और उनके अभिभावकों द्वारा खूब सराहा जा रहा है। इस स्टॉल पर रोजाना बड़ी संख्या में छात्र और युवा जानकारी लेने पहुंच रहे हैं, जिससे यह साफ झलकता है कि सेना में करियर को लेकर युवाओं में विशेष रुचि और उत्साह है।

यह स्टॉल मेले के अंत तक चालू रहेगा और सेना से जुड़ी हर आवश्यक जानकारी के लिए मार्गदर्शन प्रदान करता रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!