वन विभाग की कार्यप्रगति को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित, योजनाओं पर हुई विस्तृत चर्चा

चंबा, 31 जुलाई मुकेश कुमार (गोल्डी)
जिला मुख्यालय चंबा में उप मुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया की अध्यक्षता में वन विभाग की कार्यप्रगति को लेकर एक अहम समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक का आयोजन मुख्य अरण्यपाल कार्यालय, चंबा के बैठक कक्ष में किया गया। इसमें राजीव गांधी वन संवर्धन योजना और मुख्यमंत्री वन विस्तार योजना सहित अन्य योजनाओं पर विस्तृत चर्चा की गई। इसके साथ ही वन विभाग के कर्मचारियों को कार्य निष्पादन में आ रही चुनौतियों और उनके समाधान पर भी विचार विमर्श हुआ।

केवल सिंह पठानिया ने कहा कि राजीव गांधी वन संवर्धन योजना प्रदेश में पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ स्थानीय लोगों को स्व-रोजगार से जोड़ने की दिशा में एक बड़ी पहल है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि योजना को जमीनी स्तर पर प्रभावी रूप से लागू करने के लिए अधिक से अधिक जन-जागरूकता फैलाएं।बैठक के दौरान मुख्य अरण्यपाल अभिलाष दामोदरन ने पीपीटी के माध्यम से योजनाओं की प्रगति की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि जिला चंबा में राजीव गांधी वन संवर्धन योजना के अंतर्गत कुल 3.04 करोड़ रुपये की लागत से 224 हेक्टेयर भूमि पर पौधारोपण किया जा रहा है।

विभिन्न वन मंडलों में इसका वितरण इस प्रकार है—डलहौजी में 53 हेक्टेयर पर ₹63.60 लाख, भरमौर में 34 हेक्टेयर पर ₹40.80 लाख, चुराह में 83 हेक्टेयर पर ₹99.60 लाख, चंबा में 80 हेक्टेयर पर ₹96 लाख तथा पांगी में 4 हेक्टेयर पर ₹4.80 लाख व्यय किए जा रहे हैं।बैठक में यह भी बताया गया कि जिले में 45 महिला मंडल, 12 ग्रामीण वन प्रबंधन समितियाँ तथा 16 युवक मंडल वन विभाग के सहयोग से सक्रिय रूप से काम कर रहे हैं। वनाग्नि की रोकथाम पर बोलते हुए अभिलाष दामोदरन ने बताया कि जनसहयोग और जागरूकता अभियानों से जिले में आगजनी की घटनाएं 281 से घटकर 26 रह गई हैं।’कैच द यंग’ और ‘सैलिक्स फॉर सॉइल’ जैसे अभियानों की भी सराहना की गई।

सैलिक्स अभियान के तहत अब तक 45,000 बदाह के डंडों का रोपण किया गया है।इससे पहले विश्राम गृह पहुंचने पर केवल सिंह पठानिया व उनकी धर्मपत्नी का प्रशासन और नगर परिषद की ओर से भव्य स्वागत किया गया।बैठक में उपायुक्त मुकेश रेपसवाल, पुलिस अधीक्षक अभिषेक यादव, एसडीएम प्रियांशु खाती, डीएफओ कृतज्ञ कुमार, सुशील कुमार, कुलदीप जमवाल सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।