पर्यावरण संरक्षण और स्वरोजगार के क्षेत्र में मील का पत्थर बनेगी राजीव गांधी वन संवर्धन योजना :- केवल सिंह पठानिया
मुख्यमंत्री के हरित राज्य मिशन को मिलेगा मजबूती योजनाओं और नीतियों से होगा व्यवस्था परिवर्तन

चंबा, 31 जुलाई मुकेश कुमार (गोल्डी)
हिमाचल प्रदेश विधानसभा में उप मुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया ने कहा कि मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व में राज्य सरकार पर्यावरण संरक्षण, स्वरोजगार, और सतत विकास के क्षेत्र में व्यापक परिवर्तन की दिशा में कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री द्वारा प्रदेश को “हरित राज्य” बनाने के लिए प्रारंभ किए गए मिशन को राजीव गांधी वन संवर्धन योजना से नई ऊर्जा और दिशा मिलेगी।
केवल सिंह पठानिया आज मुख्य अरण्यपाल कार्यालय चंबा के सभागार में आयोजित पत्रकार वार्ता को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने प्रदेशवासियों को अंतरराष्ट्रीय मिंजर मेला-2025 की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि सरकार विशेष योजनाओं और नीतियों के माध्यम से हिमाचल को आत्मनिर्भर और पर्यावरण के प्रति सजग राज्य के रूप में स्थापित करने हेतु प्रतिबद्ध है।
राजीव गांधी वन संवर्धन योजना के बारे में जानकारी देते हुए उन्होंने बताया कि यह योजना न केवल वनों के संरक्षण और जैव विविधता के संवर्धन में सहायक सिद्ध होगी, बल्कि महिला मंडलों, युवक मंडलों और संरक्षण उन्मुख सामुदायिक संस्थाओं (CBOs) को जोड़कर स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर भी प्रदान करेगी। इस योजना के अंतर्गत प्रति हेक्टेयर ₹1.20 लाख व्यय किया जाएगा, जिसमें 80 प्रतिशत राशि मजदूरी तथा 20 प्रतिशत सामग्री पर खर्च होगी।
उन्होंने बताया कि इस योजना से युवाओं और महिलाओं को वानिकी गतिविधियों से जोड़कर उन्हें आर्थिक रूप से सशक्त बनाने का लक्ष्य रखा गया है। इसके अलावा, प्रदेश सरकार द्वारा राजीव गांधी स्टार्टअप योजना के अंतर्गत ई-टैक्सी खरीदने पर 50% उपदान की सुविधा भी युवाओं को स्वरोजगार के अवसर प्रदान कर रही है।
पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने हिमाचल प्रदेश सार्वजनिक परीक्षा विधेयक की जानकारी देते हुए बताया कि इस विधेयक के तहत नकल और धोखाधड़ी करने वालों को 3 से 5 साल की सजा और 10 लाख रुपए तक का जुर्माना, जबकि दोषी परीक्षा एजेंसी पर एक करोड़ रुपए तक का जुर्माना लगाया जाएगा।
इस अवसर पर मुख्य वन अरण्यपाल अभिलाष दामोदरन, वन मंडल अधिकारी कृतज्ञ कुमार, डॉ. कुलदीप जमवाल, सुशील कुमार सहित अनेक प्रिंट एवं इलेक्ट्रॉनिक मीडिया प्रतिनिधि उपस्थित रहे।