भारी बारिश में बच्चों की सुरक्षा को लेकर अध्यापक संघ ने प्रशासन को लिया आड़े हाथ

भारी बारिश में बच्चों की सुरक्षा को लेकर अध्यापक संघ ने प्रशासन को लिया आड़े हाथ

जिला चंबा में अवकाश घोषित न होने पर जताई नाराज़गी

डलहौजी/चंबा, 01 अगस्त मुकेश कुमार (गोल्डी)

हिमाचल राजकीय अध्यापक संघ, जिला चंबा के जिला अध्यक्ष हरि प्रसाद शर्मा ने एक प्रेस बयान जारी करते हुए जिला प्रशासन की कार्यप्रणाली पर गहरी नाराज़गी व्यक्त की है। उन्होंने कहा कि आज क्षेत्र में लगातार हो रही भारी बारिश के बावजूद भी सुबह 10 बजे तक जिला प्रशासन की ओर से स्कूलों में अवकाश की कोई घोषणा नहीं की गई, जिससे विद्यार्थियों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।हरि प्रसाद शर्मा ने कहा कि प्रशासन को मौसम की गंभीरता को देखते हुए समय रहते निर्णय लेना चाहिए था, ताकि बच्चे सुरक्षित रह सकें। उन्होंने यह स्पष्ट किया कि अध्यापक संघ शिक्षकों के लिए छुट्टी नहीं मांग रहा है, बल्कि बच्चों की सुरक्षा को लेकर यह मांग रखी जा रही है।

उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि ऐसा प्रतीत होता है मानो जिला प्रशासन मिंजर मेले की व्यस्तताओं में डूबा हुआ है, जबकि स्कूल जाने वाले मासूम बच्चे भारी बारिश में परेशान हैं।अध्यापक संघ ने यह भी मांग की कि भविष्य में मौसम विभाग की चेतावनियों को गंभीरता से लिया जाए और समय रहते स्कूलों के संबंध में उचित निर्णय लिए जाएं।संघ ने जिला प्रशासन से अपील की है कि बच्चों की सुरक्षा को प्राथमिकता दी जाए और ऐसे हालात में अवकाश की घोषणा शीघ्र की जाए ताकि किसी भी अप्रिय घटना से बचा जा सके।यह बयान ऐसे समय आया है जब लगातार बारिश के कारण जिला के कई क्षेत्रों में जनजीवन प्रभावित हो रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!