मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू करेंगे मिंजर मेला-2025 के समापन समारोह की अध्यक्षता

चंबा, 1 अगस्त मुकेश कुमार (गोल्डी)
मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू 3 और 4 अगस्त को दो दिवसीय चंबा प्रवास पर रहेंगे और अंतरराष्ट्रीय मिंजर मेला-2025 के समापन समारोह की अध्यक्षता करेंगे। यह जानकारी उपायुक्त मुकेश रेपसवाल ने दी।मुख्यमंत्री 3 अगस्त को दोपहर 2 बजे चंबा पहुंचेंगे। सबसे पहले वे परिधि गृह में आम जनता की समस्याएं सुनेंगे। इसके बाद वे अखंड चंडी महल से शोभायात्रा में शामिल होंगे और लोअर जुलाहखड़ी स्थित मंजरी गार्डन में पारंपरिक मिंजर विसर्जन की रस्म निभाएंगे।शाम को मुख्यमंत्री ऐतिहासिक चौगान में आयोजित अंतिम सांस्कृतिक संध्या के मुख्य अतिथि होंगे। वे इस अवसर पर मिंजर स्मारिका का विमोचन भी करेंगे।उपायुक्त ने बताया कि मुख्यमंत्री 4 अगस्त की सुबह 10 बजे कला केंद्र में विभिन्न विकासात्मक परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे। तत्पश्चात, वे मिंजर मेले के समापन समारोह में भाग लेंगे और विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं में विजेता प्रतिभागियों को पुरस्कार वितरित करेंगे।मुख्यमंत्री के इस प्रवास के दौरान मिंजर मेले की सांस्कृतिक गरिमा और विकासात्मक दृष्टिकोण दोनों को बल मिलेगा। मुख्यमंत्री दोपहर बाद चंबा से प्रस्थान करेंगे।प्रशासन ने मुख्यमंत्री के आगमन और कार्यक्रमों की तैयारियां पूर्ण कर ली हैं तथा सुरक्षा एवं यातायात प्रबंध भी सुनिश्चित किए गए हैं। मेला आयोजन समिति ने आमजन से अपील की है कि वे कार्यक्रमों में अधिक संख्या में भाग लें और उत्सव की गरिमा बनाए रखें।