खराब मौसम में बच्चों की सुरक्षा को लेकर अध्यापक संघ गंभीर, एसडीएम डलहौजी का जताया आभार

डलहौजी/चम्बा, 2 अगस्त मुकेश कुमार (गोल्डी)
लगातार हो रही भारी बारिश और खराब मौसम को देखते हुए उपमंडल डलहौजी में समय रहते स्कूलों में छुट्टी घोषित करने पर राजकीय सीएंडवी अध्यापक संघ, जिला चंबा ने प्रशासन का आभार जताया है। संघ के जिला अध्यक्ष संजय वर्मा ने एसडीएम डलहौजी को धन्यवाद देते हुए कहा कि उन्होंने बच्चों की सुरक्षा को प्राथमिकता दी और समय रहते निर्णय लेकर एक सराहनीय कार्य किया है।संजय वर्मा ने कहा कि पहाड़ी क्षेत्रों में भारी बारिश के चलते जगह-जगह भूस्खलन और सड़कें अवरुद्ध हो जाती हैं, जिससे बच्चों का स्कूल पहुंचना जोखिमपूर्ण हो जाता है। उन्होंने बताया कि अधिकतर बच्चे सुबह 9 बजे तक स्कूल पहुंच जाते हैं, ऐसे में यदि छुट्टियों की सूचना देर से जारी होती है तो उसका लाभ बच्चों तक नहीं पहुंच पाता ।जिला अध्यक्ष ने अन्य प्रशासनिक अधिकारियों से भी अनुरोध किया कि वे भी इस प्रकार की आपात स्थितियों में संवेदनशीलता और तत्परता दिखाएं। उन्होंने कहा कि यदि समय पर निर्णय नहीं लिए गए, तो इससे बच्चों की सुरक्षा खतरे में पड़ सकती है।उन्होंने भविष्य में भी इसी तरह की सक्रियता और सहयोग की उम्मीद जताई है, ताकि किसी भी प्रकार की अप्रिय स्थिति से बचा जा सके।