हिमाचल प्रदेश विद्युत बोर्ड को 315 करोड़ का मुनाफा, मुख्यमंत्री ने रचा इतिहास:-मनीष सरीन

डलहौजी/चम्बा 2 अगस्त मुकेश कुमार ( गोल्डी)
हिमाचल प्रदेश राज्य विद्युत बोर्ड को पहली बार 315 करोड़ रुपये का मुनाफा हुआ है, जिसे प्रदेश के लिए एक ऐतिहासिक उपलब्धि माना जा रहा है। यह जानकारी 1 अगस्त 2025 को प्रदेश सरकार द्वारा जारी अधिसूचना में दी गई है। डलहौजी विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस नेता मनीष सरीन ने इस उपलब्धि को मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू की दूरदर्शी सोच और प्रभावशाली नेतृत्व का परिणाम बताया है।
मनीष सरीन ने कहा कि यह मुख्यमंत्री के “व्यवस्था परिवर्तन” के नारे का ठोस प्रमाण है। उन्होंने बताया कि 31 मार्च 2024 को हिमाचल प्रदेश राज्य विद्युत बोर्ड 3742 करोड़ रुपये के घाटे में था, लेकिन मौजूदा सरकार की पारदर्शी कार्यप्रणाली, वित्तीय अनुशासन और कुशल प्रबंधन के चलते महज एक वर्ष में बोर्ड को मुनाफे में लाया गया है।

उन्होंने कहा कि यह प्रदेश के इतिहास में पहली बार हुआ है जब विद्युत बोर्ड घाटे से उबरकर लाभ की स्थिति में पहुंचा है। सरकार द्वारा उठाए गए सुधारात्मक कदम, प्रशासनिक दक्षता और ऊर्जा क्षेत्र में अपनाई गई नीतियों ने इस लक्ष्य को हासिल करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
मनीष सरीन ने कहा कि मुख्यमंत्री द्वारा किए गए इन प्रयासों ने प्रदेश को एक नई दिशा दी है और यह उपलब्धि उनके मजबूत नेतृत्व को दर्शाती है। उन्होंने मुख्यमंत्री को इस ऐतिहासिक सफलता के लिए बधाई देते हुए कहा कि यह मील का पत्थर साबित होगा।