भारी बारिश से ऊना ज़िले में जनजीवन अस्त-व्यस्त, सीएम ने दिए राहत कार्यों के निर्देश

ऊना, 3 अगस्त चंबा न्यूज़ एक्सप्रेस (ब्यूरो)
जिला ऊना में हो रही लगातार भारी बारिश ने जनजीवन को पूरी तरह अस्त-व्यस्त कर दिया है। क्षेत्र की अधिकांश नदियों और नालों का जलस्तर खतरे के निशान से ऊपर पहुंच गया है, जिससे निचले इलाकों में जलभराव की गंभीर स्थिति उत्पन्न हो गई है। कई घरों और दुकानों में पानी घुसने की चिंताजनक खबरें सामने आ रही हैं।प्राकृतिक आपदा के इस दौर में मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खु ने स्थिति का संज्ञान लेते हुए जिला प्रशासन और राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल (SDRF) को पूरी तत्परता के साथ राहत व बचाव कार्यों में जुट जाने के निर्देश दिए हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रशासनिक अधिकारी और राहत दल लगातार प्रभावित क्षेत्रों में निगरानी बनाए हुए हैं और हर संभव सहायता प्रदान की जा रही है।मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से अपील की है कि वे घबराएं नहीं और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें। उन्होंने कहा, “आपकी सुरक्षा हमारी पहली प्राथमिकता है। समय कठिन है, लेकिन हम सभी मिलकर इससे अवश्य पार पाएंगे।”वहीं, जिला प्रशासन ने भी लोगों को अनावश्यक यात्रा से बचने और नदी-नालों के समीप न जाने की सख्त हिदायत दी है।

कई संवेदनशील क्षेत्रों में स्कूलों को एहतियातन बंद कर दिया गया है।राहत और बचाव कार्यों के साथ-साथ प्रभावितों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जा रहा है तथा अस्थायी राहत शिविरों की व्यवस्था भी की गई है। प्रशासन ने आपदा नियंत्रण कक्ष के हेल्पलाइन नंबर भी सक्रिय कर दिए हैं ताकि कोई भी जरूरतमंद तुरंत सहायता प्राप्त कर सके। सरकार द्वारा स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।
