संत निरंकारी सत्संग भवन बनीखेत में निरंकारी सेवादल अधिकारी प्रशिक्षण शिविर का हुआ सफल आयोजन

डलहौजी /चम्बा 3 अगस्त मुकेश कुमार (गोल्डी)
संत निरंकारी सत्संग भवन बनीखेत में निरंकारी सेवादल अधिकारी प्रशिक्षण कैंप का आयोजन किया गया, जिसमें डलहौजी ब्रांच यूनिट नंबर 638 सहित आसपास के क्षेत्रों के सेवादल अधिकारी एवं सेवादारों ने भाग लिया। इस शिविर का नेतृत्व चंबा-कांगड़ा क्षेत्र के क्षेत्रीय संचालक महात्मा तिलक राज डोगरा ने किया।शिविर में तिलक राज डोगरा ने सेवादारों को सत्संग संचालन, यातायात व्यवस्था, लंगर, पेयजल आदि व्यवस्थाओं के कुशल संचालन का प्रशिक्षण दिया। उन्होंने बताया कि निरंकारी सेवादल केवल आध्यात्मिक गतिविधियों तक सीमित नहीं है, बल्कि सामाजिक सेवा जैसे रक्तदान शिविर, सफाई अभियान, पौधरोपण, प्राकृतिक आपदाओं में राहत कार्य एवं पल्स पोलियो अभियानों में भी सक्रिय रूप से भाग लेता है।

शिविर की शुरुआत सामूहिक प्रार्थना से हुई, जिसके उपरांत मार्च पास्ट, गुरु पूजा गीत, क्षमा याचना गीत, सेवादल गीत और मार्चिंग गीतों का अभ्यास कराया गया। तिलक राज डोगरा ने सेवादल अधिकारियों को मानसिक व शारीरिक रूप से स्वस्थ रहने के टिप्स भी दिए और कहा कि निष्काम सेवा का फल अवश्य मिलता है।डलहौजी शाखा के सेवादल संचालक महात्मा दीप जसवाल ने इस प्रशिक्षण सत्र के सफल आयोजन पर क्षेत्रीय संचालक महात्मा तिलक राज डोगरा का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर सेवादल के शिक्षक महात्मा संजीव कुमार पामा भी विशेष रूप से उपस्थित रहे।प्रशिक्षण शिविर के उपरांत साप्ताहिक सत्संग का आयोजन किया गया, जिसमें भक्तों ने कविता, भजन और विचारों के माध्यम से निराकार परमात्मा का गुणगान किया।

साथ ही सतगुरु माता सुदीक्षा महाराज के प्रवचनों को एलईडी टीवी के माध्यम से श्रवण किया गया।यह आयोजन समर्पण, अनुशासन एवं आध्यात्मिक विकास का प्रतीक बनकर संपन्न हुआ।