चंबा मिंजर में मुख्यमंत्री की गैरहाजिरी पर गरमाई चम्बा की सियासत आमआदमी पार्टी ने कांग्रेस पर साधा निशाना

चंबा मिंजर में मुख्यमंत्री की गैरहाजिरी पर गरमाई चम्बा की सियासत आम आदमी पार्टी ने कांग्रेस पर साधा निशाना

चंबा, 04 अगस्त मुकेश कुमार (गोल्डी)

मिंजर मेले के समापन समारोह में मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू की अनुपस्थिति को लेकर सियासत गरमा गई है। आम आदमी पार्टी के जिला अध्यक्ष सोनू ठाकुर ने इस मुद्दे पर कांग्रेस सरकार को आड़े हाथों लिया है। उन्होंने इसे चंबा जिला के साथ लगातार हो रही उपेक्षा का प्रतीक बताया।सोनू ठाकुर ने मीडिया से बातचीत में कहा कि मिंजर मेला केवल एक धार्मिक या सांस्कृतिक आयोजन नहीं, बल्कि हिमाचल की आत्मा का उत्सव है। इस ऐतिहासिक मेले का उद्घाटन राज्यपाल और समापन मुख्यमंत्री द्वारा किए जाने की परंपरा रही है। ऐसे में मुख्यमंत्री का समारोह में उपस्थित न होना न सिर्फ प्रशासनिक लापरवाही है, बल्कि चंबा की जनता के प्रति सरकार के उपेक्षित दृष्टिकोण को दर्शाता है।मुख्यमंत्री की “चॉपर न उड़ पाने” की वजह को सोनू ठाकुर ने महज बहाना करार दिया। उन्होंने कहा कि जब पूरा जिला अपनी सांस्कृतिक पहचान का उत्सव मना रहा था, तब प्रदेश के मुखिया की गैरमौजूदगी जनता की भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाली है।आप नेता ने आरोप लगाया कि यह कोई पहली बार नहीं है जब चंबा की अनदेखी की गई हो। डलहौजी, भरमौर, चुराह सहित पूरे जिले में सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा और रोजगार जैसी बुनियादी सुविधाएं आज भी उपेक्षित हैं। अब जब एक अंतरराष्ट्रीय मेला भी सरकार की बेरुखी का शिकार बना, तो यह बेहद दुखद है।उन्होंने स्पष्ट किया कि आम आदमी पार्टी पर्व, परंपराओं और सांस्कृतिक आयोजनों को राजनीति का मंच नहीं, बल्कि जनभावनाओं का सम्मान मानती है। ऐसे आयोजनों की अनदेखी, जनता के आत्मसम्मान को ठेस पहुंचाने जैसा है।सोनू ठाकुर ने मुख्यमंत्री से सार्वजनिक माफी की मांग करते हुए चेताया कि यदि कांग्रेस सरकार का यही रवैया जारी रहा, तो चंबा की जागरूक जनता आगामी चुनावों में करारा जवाब देगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!