डलहौजी पुलिस और एएनटीएफ कांगड़ा की संयुक्त कार्रवाई में चिट्टा की खेप बरामद, पंजाब के दो युवक गिरफ्तार

डलहौजी/चम्बा, 5 अगस्त मुकेश कुमार (गोल्डी)
पुलिस थाना डलहौजी और एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) कांगड़ा की संयुक्त कार्रवाई में बीते दिन एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। गुप्त सूचना के आधार पर की गई इस कार्रवाई में पंजाब के दो युवकों से चिट्टा (हीरोइन) की खेप बरामद की गई है।प्राप्त जानकारी के अनुसार, डलहौजी के पतरैणी रोड पर एक सफेद रंग की मारुति सियाज कार नंबर PB 23AA 8789में दो व्यक्ति नशीले पदार्थों की बिक्री कर रहे थे। इस सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने तुरंत कार्रवाई की और मौके पर पहुंचकर संदिग्ध कार की तलाशी ली। तलाशी के दौरान कार के कंडक्टर साइड के फुटमैट से 11.53 ग्राम चिट्टा बरामद किया गया। मौके पर मौजूद एएनटीएफ और थाना डलहौजी की संयुक्त टीम ने तुरंत दोनों व्यक्तियों को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार किए गए युवकों की पहचान पंजाब निवासी आशु शर्मा उर्फ आशु उम्र 25 वर्ष, पुत्र परगट सिंह, निवासी भलारी कलां, पोस्ट ऑफिस व तहसील सरहंद, जिला फतेहगढ़, और तजिंदर सिंह उर्फ तेजी उम्र 25 वर्ष, पुत्र सुखविंदर सिंह, निवासी धूरी, तहसील धूरी , जिला संगरूर के रूप में हुई है।पुलिस ने दोनों के विरुद्ध थाना डलहौजी में एनडीपीएस एक्ट की धाराओं 21, 25 और 29 के तहत मामला दर्ज कर आगामी कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। पूछताछ के दौरान पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि आरोपी यह नशीला पदार्थ कहां से लाए थे और इसे कहां-कहां सप्लाई करने वाले थे।

पुलिस ने दोनों आरोपियों को आज माननीय न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी है। इस कार्रवाई को नशा तस्करों के खिलाफ एक बड़ी सफलता के रूप में देखा जा रहा है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक एएनटीएफ कांगड़ा राजेंद्र जसवाल ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि जिले में नशे के विरुद्ध अभियान लगातार भविष्य में भी जारी रहेगा।