चम्बा में स्तनपान सप्ताह पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित, माताओं को दी गई महत्त्वपूर्ण जानकारी

चम्बा, 5 अगस्त मुकेश कुमार (गोल्डी)
जिला चम्बा में आज विश्व स्तनपान सप्ताह के अंतर्गत एक विशेष जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम मुख्य चिकित्सा अधिकारी चम्बा डॉ. बिपिन ठाकुर के सौजन्य से पंडित जवाहर लाल नेहरू राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय चम्बा के स्त्री रोग विशेषज्ञ कक्ष एवं प्रसव पश्चात देखभाल कक्ष में संपन्न हुआ।इस अवसर पर उपस्थित गर्भवती महिलाओं एवं धात्री माताओं को स्तनपान के महत्व पर विस्तार से जानकारी दी गई। विशेष रूप से जन्म के पहले तीन दिनों के दूध (कॉलोस्ट्रम) की उपयोगिता पर जोर दिया गया, जिसे शिशु की रोग प्रतिरोधक क्षमता के लिए अत्यंत लाभकारी बताया गया।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. बिपिन ठाकुर ने कहा कि वर्तमान वैश्विक संकट के बीच स्तनपान की भूमिका और भी महत्वपूर्ण हो गई है, विशेषकर दूरदराज क्षेत्रों में रहने वाले कमजोर परिवारों के लिए। उन्होंने बताया कि स्तनपान न केवल बच्चों के पोषण की बुनियाद रखता है, बल्कि उन्हें विभिन्न बीमारियों से सुरक्षा भी प्रदान करता है।उन्होंने यह भी बताया कि स्तनपान शिशु के लिए प्रथम टीके के रूप में कार्य करता है, जो बचपन की सामान्य बीमारियों से रक्षा करता है।

उन्होंने चिंता जताई कि केवल 44% शिशुओं को ही जीवन के पहले छह महीनों में केवल स्तनपान कराया जाता है, जो कि विश्व स्वास्थ्य सभा द्वारा निर्धारित 2025 तक के 50% लक्ष्य से कम है।कार्यक्रम के अंत में डॉ. ठाकुर ने सभी माताओं से आग्रह किया कि वे अपने बच्चों को जीवन के पहले छह माह तक केवल मां का दूध दें और उसके बाद पूरक आहार शुरू करें।इस अवसर पर जन शिक्षा एवं सूचना अधिकारी सी.आर. ठाकुर, स्वास्थ्य शिक्षक होशियार सिंह, बीसीसी काउंसलर दीपक जोशी एवं पोषण सलाहकार पूनम सहगल भी उपस्थित रहे।