मणिमहेश यात्रा: 9 अगस्त से भरमौर से गौरीकुंड तक शुरू होगी हेली टैक्सी सेवा, किराया ₹3500

चम्बा, 7 अगस्त मुकेश कुमार (गोल्डी)
मणिमहेश यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए 9 अगस्त से भरमौर से गौरीकुंड तक हेली टैक्सी सेवा शुरू की जा रही है। यह सेवा 31 अगस्त तक जारी रहेगी। प्रशासन द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, इस सेवा का एक तरफ का किराया लगभग ₹3,500 निर्धारित किया गया है।भरमौर हैलीपैड पर बुधवार को दो हेली टैक्सियों की लैंडिंग के साथ इसकी तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच चुकी हैं। यह सेवा विशेष रूप से बुजुर्गों, बीमारों तथा कठिन चढ़ाई चढ़ने में असमर्थ श्रद्धालुओं के लिए वरदान साबित होगी।

उपमंडलाधिकारी एवं मणिमहेश न्यास के सचिव अभिषेक मित्तल ने बताया कि यात्रा प्रबंधन को लेकर सभी जरूरी औपचारिकताएं पूरी कर ली गई हैं। उन्होंने कहा कि श्रद्धालु इस हेली सेवा के माध्यम से सीधा भरमौर से गौरीकुंड पहुंच सकेंगे, जिससे मणिमहेश झील की कठिन यात्रा अपेक्षाकृत आसान हो जाएगी।प्रशासन ने यह सुनिश्चित किया है कि हेली सेवा के संचालन में किसी भी तरह की असुविधा न हो। सुरक्षा, टिकट बुकिंग और अन्य व्यवस्थाएं पहले से तय कर दी गई हैं।

श्रद्धालुओं को समय पर सेवा मिल सके, इसके लिए हेलीटैक्सी कंपनी के साथ तालमेल बनाकर उड़ानों की समय-सारिणी निर्धारित की जा रही है।गौरतलब है कि मणिमहेश यात्रा हिमाचल प्रदेश की प्रमुख धार्मिक यात्राओं में से एक है, जिसमें हर वर्ष हजारों श्रद्धालु भाग लेते हैं। हेली सेवा से इस बार यात्रा और अधिक सुलभ बनने की उम्मीद है।