जिला चंबा के नीरज शर्मा को IIT दिल्ली में प्रवेश पर मुख्यमंत्री हिमाचल ने दी बधाई व शुभकामनाएं

चंबा, 7 अगस्त मुकेश कुमार (गोल्डी)
जिला चंबा की ग्राम पंचायत कोहलड़ी के रहने वाले नीरज शर्मा ने हिमाचल का नाम रोशन करते हुए प्रतिष्ठित आईआईटी दिल्ली में प्रवेश प्राप्त किया है। इस गौरवपूर्ण उपलब्धि पर मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने नीरज को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं।मुख्यमंत्री ने कहा कि नीरज की यह सफलता प्रदेश के युवाओं को अपने लक्ष्यों के प्रति दृढ़ संकल्प और मेहनत के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा देगी। उन्होंने नीरज के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उनके माता-पिता और परिजनों को भी इस उपलब्धि पर शुभकामनाएं प्रेषित कीं।नीरज शर्मा ने यूनिवर्सिटी इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी (UIT), हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय, शिमला से सिविल इंजीनियरिंग में स्नातक की पढ़ाई पूरी की है। अपनी शिक्षा के दौरान वह हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय में छात्र संगठन NSUI के सक्रिय सदस्य भी रहे हैं। अकादमिक और सामाजिक गतिविधियों में संतुलन बनाकर नीरज ने यह सिद्ध कर दिया है कि परिश्रम और लक्ष्य के प्रति समर्पण से हर मंज़िल हासिल की जा सकती है।नीरज की इस उपलब्धि से न केवल चंबा ज़िला बल्कि पूरा प्रदेश गौरवान्वित हुआ है। ग्रामीण क्षेत्र से आने के बावजूद उन्होंने कठिन परिश्रम से यह मुकाम हासिल किया है, जो अन्य छात्रों के लिए भी एक मिसाल है।प्रदेश सरकार द्वारा गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करने के लिए किए जा रहे प्रयासों का यह प्रतिफल है कि हिमाचल के युवा राष्ट्रीय स्तर की संस्थाओं में अपनी प्रतिभा का परचम लहरा रहे हैं।