पांगी के धनवास में विधायक जनक राज ने एक मेगा वाट सोलर प्लांट का किया निरीक्षण

पांगी के धनवास में विधायक जनक राज ने एक मेगा वाट सोलर प्लांट का किया निरीक्षण

चम्बा 9 अगस्त मुकेश कुमार (गोल्डी)

अपने विधानसभा क्षेत्र पांगी प्रवास के दौरान विधायक जनक राज ने आज पंचायत करियास के धनवास गांव में निर्माणाधीन एक मेगावाट सोलर प्लांट का निरीक्षण किया। यह परियोजना क्षेत्र में ऊर्जा आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देने और पर्यावरण अनुकूल बिजली उत्पादन को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से स्थापित की जा रही है।निरीक्षण के दौरान विधायक जनक राज ने कहा कि निर्माण कार्य के प्रत्येक चरण में गुणवत्ता मानकों का सख्ती से पालन किया जाना चाहिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि निर्माण सामग्री और कार्य की गुणवत्ता में किसी भी प्रकार का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

विधायक ने साइट पर मौजूद अधिकारियों और ठेकेदारों को निर्देश दिए कि कार्य निर्धारित समय सीमा के भीतर और निर्धारित तकनीकी मानकों के अनुरूप पूरा किया जाए।इस मौके पर उन्होंने निर्माण कार्य के दौरान पाई गई कुछ तकनीकी और संरचनात्मक कमियों को भी चिन्हित किया। इन कमियों से संबंधित विवरण उन्होंने उच्चाधिकारियों के समक्ष प्रस्तुत किया और शीघ्र समाधान सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि इस परियोजना के सफल और समयबद्ध पूरा होने से पांगी क्षेत्र को न केवल स्वच्छ ऊर्जा का लाभ मिलेगा, बल्कि रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे।विधायक ने कहा कि सरकार की प्राथमिकता दूरदराज के क्षेत्रों में बुनियादी ढांचे का विस्तार और सतत विकास को गति देना है। सोलर प्लांट जैसी परियोजनाएं इस दिशा में महत्वपूर्ण कदम हैं, जो न केवल बिजली की उपलब्धता बढ़ाएंगी, बल्कि पर्यावरण संरक्षण में भी योगदान देंगी।

निरीक्षण के दौरान विभागीय अधिकारी, पंचायत प्रतिनिधि और स्थानीय लोग उपस्थित रहे। सभी ने परियोजना के समय पर पूरा होने की उम्मीद जताई और विधायक के प्रयासों की सराहना की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!