राजकीय महाविद्यालय सलूणी में करिअर मार्गदर्शन व्याख्यान व पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित

सलूणी/चम्बा 9 अगस्त मुकेश कुमार (गोल्डी)
राजकीय महाविद्यालय सलूणी के करिअर मार्गदर्शन, परामर्श एवं प्लेसमेंट प्रकोष्ठ द्वारा आज महाविद्यालय परिसर में एक अतिथि व्याख्यान का आयोजन किया गया। इस अवसर पर मुख्य वक्ता के रूप में ए ए ए अकैडमी के संचालक रबानी बट्ट ने विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी संबंधी महत्वपूर्ण जानकारियां दीं। उन्होंने विस्तार से बताया कि प्रतियोगी परीक्षाओं में गणित के प्रश्न किस प्रकार के होते हैं और उन्हें कम समय में हल करने की प्रभावी तकनीकें क्या हो सकती हैं। इसके साथ ही स्नातक के बाद उपलब्ध विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं और उनके माध्यम से मिलने वाले कैरियर विकल्पों पर भी उन्होंने छात्रों को मार्गदर्शन दिया।इसी दिन महाविद्यालय में ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के तहत पौधारोपण कार्यक्रम भी आयोजित किया गया। इस पहल में एनसीसी कैडेट, एनएसएस स्वयंसेवी, रेंजर और रोवर सहित महाविद्यालय के सभी छात्रों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

पौधारोपण कार्यक्रम का संचालन महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. मोहिंदर कुमार सलारिया की देखरेख में हुआ।इस अवसर पर दिनेश कुमार, एनसीसी प्रभारी गुरदेव सिंह, रोवर प्रभारी शुभम डोगरा, सौरभ मिश्रा, हंसराज और वन विभाग सलूणी के कर्मचारी उपस्थित रहे। सभी ने मिलकर परिसर में विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाए और पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया।महाविद्यालय प्रशासन ने इस कार्यक्रम को सफल बनाने में वन विभाग सलूणी के सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया। विशेष रूप से महाविद्यालय के पीटीए प्रधान दिनेश राणा की सक्रिय भूमिका की सराहना की गई, जिन्होंने आयोजन के लिए आवश्यक संसाधन और सहयोग उपलब्ध करवाया।इस संयुक्त आयोजन ने न केवल छात्रों के करिअर निर्माण के प्रति जागरूकता बढ़ाई, बल्कि उन्हें पर्यावरण संरक्षण जैसे सामाजिक दायित्वों के प्रति भी प्रेरित किया।