डलहौजी में सनातन सभा सदर बाजार ने कलश यात्रा के साथ जन्माष्टमी कार्यक्रमों का किया शुभारंभ

डलहौजी में सनातन सभा सदर बाजार ने कलश यात्रा के साथ जन्माष्टमी कार्यक्रमों का किया शुभारंभ

डलहौजी/चम्बा 10 अगस्त मुकेश कुमार (गोल्डी)

नगर में जन्माष्टमी पर्व की शुरुआत आज धार्मिक उत्साह और भक्ति भावना के साथ हुई। श्री लक्ष्मी नारायण मंदिर, सदर बाज़ार से भव्य कलश यात्रा का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए।कलश यात्रा की शुरुआत मंदिर प्रांगण से हुई, जो सुभाष चौक होते हुए पुनः मंदिर में आकर संपन्न हुई। यात्रा के दौरान भक्तजन ढोल-नगाड़ों की गूंज और भगवान श्रीकृष्ण के भजनों के मधुर गायन से पूरे वातावरण को भक्ति रस में रंगते नज़र आए।

महिलाओं ने सिर पर कलश धारण कर यात्रा में सहभागिता की, वहीं स्थानीय नागरिकों और दुकानदारों ने भी श्रद्धालुओं का जगह-जगह स्वागत किया।इस अवसर पर सनातन धर्म सभा के सह सचिव अमन महेन्द्रु ने जानकारी देते हुए बताया कि जन्माष्टमी पर्व के तहत पूरे सप्ताह मंदिर परिसर में विविध धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

इनमें श्रीकृष्ण लीला, भजन संध्या, प्रवचन और रात्रि जागरण मुख्य आकर्षण होंगे। उन्होंने नगरवासियों से इन आयोजनों में भाग लेकर धार्मिक माहौल को और सशक्त बनाने का आह्वान किया।कलश यात्रा में सम्मिलित हुई पूर्व पार्षद वंदना चड्ढा ने भी डलहौजी की जनता से जन्माष्टमी के कार्यक्रमों में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की।

उन्होंने कहा कि ऐसे धार्मिक आयोजन समाज में आपसी एकता, प्रेम और सद्भाव को बढ़ाते हैं।जन्माष्टमी पर्व पर आयोजित होने वाले कार्यक्रमों को लेकर नगर में उत्साह का माहौल है। श्रद्धालु एवं भक्तजन विशेष तैयारियां कर रहे हैं और मंदिरों में सजावट के साथ-साथ भजन-कीर्तन की गूंज भी सुनाई देने लगी है। आयोजन समिति ने बताया कि जन्माष्टमी की रात भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव के साथ विशेष पूजा-अर्चना और प्रसाद वितरण किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!