सलूणी के चखडी़ में शिक्षा समानता और भाईचारे का संदेश लेकर मनाया गया स्वतंत्रता दिवस

सलूणी/ चम्बा 17 अगस्त मुकेश कुमार (गोल्डी)
तहसील सलूणी के राजकीय माध्यमिक पाठशाला चखड़ी तथा राजकीय प्राथमिक पाठशाला चखड़ी में स्वतंत्रता दिवस बड़े ही धूमधाम और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर विद्यालय के शिक्षकगण, छात्र-छात्राएं, उनके अभिभावक तथा स्थानीय ग्रामीण बड़ी संख्या में मौजूद रहे। सभी ने राष्ट्रभक्ति के रंग में सराबोर होकर विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।कार्यक्रम के दौरान विद्यालय प्रबंधन समिति (एसएमसी) की टीम और डॉ. भीमराव अंबेडकर मिशन सोसाइटी के अध्यक्ष ब्यास देव ने विशेष रूप से भाग लिया।

उन्होंने इस अवसर पर अपने संबोधन में कहा कि शिक्षा ही वह माध्यम है, जिसके जरिए समाज को समता, समानता और भाईचारे के मार्ग पर आगे बढ़ाया जा सकता है। साथ ही उन्होंने युवाओं और विद्यार्थियों से नशे से दूर रहने की अपील की तथा शिक्षा के महत्व पर जोर दिया।इस मौके पर डॉ. भीमराव अंबेडकर मिशन सोसाइटी की ओर से एक प्रस्ताव भी रखा गया, जिसके तहत तहसील सलूणी के सभी स्कूलों में डॉ. भीमराव अंबेडकर, शहीद भगत सिंह और अन्य महान विभूतियों की तस्वीरें अनिवार्य रूप से लगाने की बात कही गई।

इसी कड़ी में चखड़ी स्कूल में डॉ. अंबेडकर और भगत सिंह की तस्वीरें स्थापित की गईं।श्री वियास देव ने कहा कि देश के महापुरुषों का जीवन विद्यार्थियों के लिए प्रेरणास्रोत है। उनकी तस्वीरें स्कूलों में लगाने से बच्चों में न केवल राष्ट्रीय चेतना का विकास होगा बल्कि वे समाज में समानता और भाईचारे के मूल्यों को आत्मसात करेंगे।इस अवसर पर उपस्थित सभी लोगों ने राष्ट्रगान गाकर स्वतंत्रता दिवस की गरिमा को बढ़ाया और देशभक्ति का संदेश दिया।
