चम्बा व कांगड़ा में दो बार महसूस हुए जोरदार भूकंप के झटके, रिक्टर स्केल पर तीव्रता 3.9 मापी गई

चम्बा व कांगड़ा में दो बार महसूस हुए जोरदार भूकंप के झटके, रिक्टर स्केल पर तीव्रता 3.9 मापी गई

चम्बा 20 अगस्त मुकेश कुमार (गोल्डी)

बीती रात जिले के साथ-साथ पड़ोसी जिले कांगड़ा में भूकंप के दो तेज झटके महसूस किए गए। पहला झटका लगभग 3 बजकर 28 मिनट और 32 सेकंड पर दर्ज किया गया, जबकि दूसरा झटका 4 बजकर 39 मिनट पर आया। दोनों ही झटके इतने तीव्र थे कि कई इलाकों में लोगों ने उन्हें स्पष्ट रूप से अनुभव किया और कुछ लोग घरों से बाहर भी निकल आए। हालांकि, राहत की बात यह रही कि अब तक किसी भी प्रकार की जनहानि या संपत्ति नुकसान की सूचना सामने नहीं आई है।भारतीय भूगर्भीय सर्वेक्षण केंद्र से मिली जानकारी के अनुसार, इस भूकंप की तीव्रता रिक्टर पैमाने पर 3.9 दर्ज की गई।

इसका केंद्र बिंदु धर्मशाला से लगभग 5 किलोमीटर उत्तर-पूर्व की दिशा में रहा। भूगर्भीय आंकड़ों के अनुसार, भूकंप का केंद्र बिंदु अक्षांश 32.3391, देशांतर 76.5259 पर और गहराई मात्र 0.7 किलोमीटर आंकी गई है। इतनी कम गहराई पर आया भूकंप अधिक झटकों का अनुभव करवा सकता है।विशेषज्ञों का कहना है कि हिमाचल प्रदेश भूकंप की दृष्टि से अत्यधिक संवेदनशील क्षेत्र है। विशेषकर कांगड़ा जनपद को भूकंप मानचित्र के जोन-5 के अंतर्गत रखा गया है, जिसे अत्यंत संवेदनशील श्रेणी में गिना जाता है।

विदित रहे कि 6 अप्रैल 1905 को कांगड़ा जिले ने एक भयंकर भूकंप की विभीषिका झेली थी, जिसमें लगभग 18,000 लोगों की जान गई थी और भारी पैमाने पर तबाही मची थी।भूगर्भीय विशेषज्ञ बार-बार आगाह करते आए हैं कि हिमाचल प्रदेश का बड़ा हिस्सा भूकंप की दृष्टि से संवेदनशील है, जिसमें चम्बा और कांगड़ा दोनों ही जिले शामिल हैं।

ऐसे में बार-बार आने वाले छोटे झटके इस क्षेत्र की संवेदनशीलता की ओर इशारा करते हैं। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और भूकंप के दौरान सुरक्षित स्थानों पर जाने की सामान्य सावधानियों को अपनाएं।फिलहाल जिला प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है और किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना की संभावना से निपटने के लिए सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!