राजधानी शिमला के बचत भवन में मनाई गई पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की जयंती

शिमला, 20 अगस्त चंबा न्यूज़ एक्सप्रेस (ब्यूरो)
पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न स्वर्गीय राजीव गांधी की जयंती के अवसर पर आज बचत भवन में सद्भावना दिवस कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस मौके पर एसी टू डीसी देवी चंद ठाकुर ने उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को राष्ट्रीय एकता, शांति और सद्भावना बनाए रखने की शपथ दिलाई।कार्यक्रम को संबोधित करते हुए देवी चंद ठाकुर ने कहा कि भारत में हर वर्ष 20 अगस्त को सद्भावना दिवस के रूप में मनाया जाता है।

यह दिन पूर्व प्रधानमंत्री स्व. राजीव गांधी की स्मृति को समर्पित है। उनका जन्म 20 अगस्त 1944 को मुंबई में हुआ था। उन्होंने बताया कि सद्भावना दिवस का उद्देश्य समाज में भाईचारा, सांप्रदायिक सद्भाव, शांति और राष्ट्रीय एकता को बढ़ावा देना है, जो स्वयं राजीव गांधी के जीवन और उनके कार्यों का मूल मंत्र था।उन्होंने कहा कि राजीव गांधी भारत के सबसे युवा प्रधानमंत्री बने थे। वर्ष 1984 में मात्र 40 वर्ष की आयु में उन्होंने अपनी मां एवं तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की हत्या के बाद देश की बागडोर संभाली। 1984 से 1989 तक के उनके कार्यकाल में भारत ने शिक्षा, विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति की।

उनकी राष्ट्रीय शिक्षा नीति 1986 ने उच्च शिक्षा को नई दिशा प्रदान की, वहीं सूचना प्रौद्योगिकी और कंप्यूटर क्रांति की नींव भी उनके नेतृत्व में रखी गई।देवी चंद ठाकुर ने कहा कि राजीव गांधी का विजन हमेशा एक आधुनिक और प्रगतिशील भारत बनाने का रहा। उन्होंने देश की विविधता के बीच एकता और सद्भाव को बढ़ावा देने के लिए कई कदम उठाए, जिनकी गूंज आज भी सुनाई देती है।इस अवसर पर विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी बड़ी संख्या में मौजूद रहे और सभी ने उनके योगदान को स्मरण किया।