लोकतंत्र की रक्षा का है जन आंदोलन, राहुल गांधी की ‘वोटर अधिकार यात्रा’ :-मनीष सरीन

लोकतंत्र की रक्षा का है जन आंदोलन, राहुल गांधी की ‘वोटर अधिकार यात्रा’ :- मनीष सरीन


डलहौज़ी/ चम्बा 20 अगस्त मुकेश कुमार (गोल्डी)


डलहौज़ी विधानसभा क्षेत्र के कांग्रेस नेता मनीष सरीन ने राहुल गांधी की ‘वोटर अधिकार यात्रा’ का पूर्ण समर्थन करते हुए कहा कि यह यात्रा लोकतंत्र की रक्षा और नागरिक अधिकारों की सुरक्षा के लिए एक ऐतिहासिक पहल है।

मनीष सरीन ने कहा कि भारत में लोकतंत्र केवल शासन प्रणाली नहीं, बल्कि जन भावना, सामाजिक न्याय और नागरिक अधिकारों की जीवंत अभिव्यक्ति है। लेकिन हाल के समय में मतदाता सूची से नाम गायब होने की घटनाओं ने चुनावी प्रक्रिया पर सवाल खड़े कर दिए हैं। ऐसे में देश को एक नए जन आंदोलन की आवश्यकता थी और राहुल गांधी की ‘वोटर अधिकार यात्रा’ उसी आंदोलन का नाम है।

यह 16 दिवसीय यात्रा बिहार के चंपारण से आरंभ होकर 1,300 किलोमीटर की दूरी तय करते हुए 20 जिलों से गुजरेगी और 1 सितम्बर को पटना में एक विशाल जनसभा के साथ समाप्त होगी। मनीष ने स्पष्ट किया कि यह यात्रा किसी राजनीतिक दल के लिए नहीं, बल्कि हर उस नागरिक के लिए है जो अपने मत से देश का भविष्य तय करता है।

उन्होंने कहा कि मतदाता सूची से किसी का नाम हटना केवल प्रशासनिक चूक नहीं, बल्कि एक संवैधानिक अपराध है। लाखों लोग ऐसे हैं जिनका वोट होते हुए भी वे मतदान से वंचित रह जाते हैं। राहुल गांधी की यह यात्रा उसी मौन को आवाज़ देने का प्रयास है।

मनीष सरीन ने डलहौज़ी क्षेत्र के नागरिकों से आग्रह किया कि वे अपने मताधिकार के प्रति सजग रहें, वोटर लिस्ट में अपना नाम जांचें और किसी भी विसंगति को समय पर दर्ज कराएं।

अंत में उन्होंने कहा कि लोकतंत्र तभी सुरक्षित रहेगा जब हर नागरिक को उसका मताधिकार बिना भय, भेदभाव और बाधा के प्राप्त होगा। राहुल गांधी की यह यात्रा लोकतंत्र की उसी मशाल को प्रज्ज्वलित रखने का संकल्प है।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!