जनजातीय उन्नत ग्राम अभियान के तहत भरमौर और पांगी में विकसित होंगे होम स्टे, उपायुक्त मुकेश रेपसवाल
नए होम स्टे निर्माण के लिए मिलेंगे 5 लाख, पुराने होम स्टे की मरम्मत पर 3 लाख का प्रावधान

चम्बा, 21 अगस्त मुकेश कुमार (गोल्डी)
उपायुक्त चम्बा मुकेश रेपसवाल ने कहा कि भारत सरकार की स्वदेश दर्शन योजना 2.0 के अंतर्गत जनजातीय उन्नत ग्राम अभियान के तहत भरमौर और पांगी जैसे जनजातीय क्षेत्रों में पर्यटन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से होम स्टे विकसित किए जाएंगे। वे राष्ट्रीय सूचना केंद्र में आयोजित एक बैठक की अध्यक्षता करते हुए बोल रहे थे।

उन्होंने बताया कि पर्यटन संभावनाओं वाले गांवों में क्लस्टर बनाकर होम स्टे विकसित किए जाएंगे। प्रत्येक क्लस्टर में 4 से 5 गांव शामिल होंगे और वहां से 6 से 10 आवेदनों को स्वीकृति प्रदान की जाएगी। उपायुक्त ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी औपचारिकताएं तय समय सीमा में पूरी की जाएं ताकि स्थानीय लोगों को इस योजना का लाभ शीघ्र मिल सके।

उपायुक्त रेपसवाल ने जानकारी दी कि नए होम स्टे के निर्माण के लिए 5 लाख रुपये और पुराने होम स्टे की मरम्मत एवं उन्नयन के लिए 3 लाख रुपये की वित्तीय सहायता उपलब्ध करवाई जाएगी। उन्होंने कहा कि इस पहल से जहां स्थानीय लोगों को रोजगार मिलेगा वहीं घरेलू और विदेशी पर्यटकों को जनजातीय संस्कृति और परंपराओं से रूबरू होने का अवसर भी प्राप्त होगा।
बैठक में पांगी के आवासीय आयुक्त रमन घरसंगी और भरमौर के अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी कुलबीर सिंह राणा वर्चुअल माध्यम से जुड़े। वहीं जिला पर्यटन विकास अधिकारी राजीव मिश्रा और नोट ऑन मैप संस्था से मनुज शर्मा भी उपस्थित रहे।

उन्होंने कहा कि यह योजना स्थानीय स्तर पर सतत पर्यटन को बढ़ावा देने के साथ-साथ ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती प्रदान करेगी और आने वाले समय में चम्बा जिला पर्यटन की नई पहचान बनेगा।