चाइल्ड हेल्पलाइन चंबा ने जटकरी पंचायत के गांव दुफेई में आयोजित किया आउटरीच कार्यक्रम

चाइल्ड हेल्पलाइन चंबा ने जटकरी पंचायत के गांव दुफेई में आयोजित किया आउटरीच कार्यक्रम,

सोशल मीडिया ब्लैकमेलिंग, बाल विवाह, बाल मजदूरी और बाल शोषण पर हुई विशेष चर्चा

चंबा, 21 अगस्त मुकेश कुमार (गोल्डी)

चाइल्ड हेल्पलाइन चंबा द्वारा उपमंडल चंबा की पंचायत जटकरी के गांव दुफेई में एक आउटरीच कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य ग्रामीणों को बच्चों से जुड़ी समस्याओं, हेल्पलाइन की सेवाओं और निवारण के उपायों के बारे में जागरूक करना था।इस अवसर पर चाइल्ड हेल्पलाइन चंबा में कार्यरत केस वर्कर काजू राम ने उपस्थित लोगों को चाइल्ड हेल्पलाइन के टोल फ्री नंबर 1098 की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इस सेवा के माध्यम से नशे की चपेट में आए, जन्म पंजीकरण से वंचित, अनाथ या अर्ध-अनाथ, स्कूल छोड़ चुके, घर से भागे हुए, मानसिक एवं शारीरिक रूप से अक्षम, बाल विवाह या बाल मजदूरी के शिकार तथा किसी भी तरह के शोषण से पीड़ित बच्चों को तत्काल सहायता प्रदान की जाती है।

काजू राम ने अभिभावकों को सलाह दी कि वे अपने बच्चों के साथ खुलकर हर अच्छी-बुरी बात पर चर्चा करें और संवाद की कड़ी बनाए रखें। उन्होंने कहा कि यदि किसी भी माध्यम से नाबालिग बच्चों को बहकाया, ब्लैकमेल किया या मानसिक प्रताड़ना दी जाती है तो उसे कभी नजरअंदाज न करें और तुरंत हेल्पलाइन से संपर्क करें।कार्यक्रम के दौरान बाल तस्करी, नशे की लत, सोशल मीडिया के दुष्प्रभाव एवं इसके जिम्मेदाराना उपयोग पर भी चर्चा हुई। विशेष रूप से सोशल मीडिया पर बढ़ते ब्लैकमेलिंग मामलों को लेकर ग्रामीणों को सतर्क किया गया।

वहीं बाल विवाह और बाल मजदूरी की कुप्रथाओं से बच्चों के स्वास्थ्य और भविष्य पर पड़ने वाले दुष्प्रभावों पर विस्तार से जानकारी दी गई। प्रतिभागियों को यह भी आश्वासन दिया गया कि किसी भी संवेदनशील सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी और उसका पालन चाइल्ड हेल्पलाइन द्वारा कड़ाई से किया जाता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!