मणिमहेश यात्रा पर श्रद्धालुओं की भीड़, जगह-जगह लंगर और भंडारों का आयोजन

डलहौजी/चंबा 22 अगस्त मुकेश कुमार (गोल्डी)
पवित्र मणिमहेश यात्रा इन दिनों अपने चरम पर है। भगवान शिव के दरबार में हाजिरी लगाने के लिए न केवल हिमाचल प्रदेश बल्कि बाहरी राज्यों से भी सैकड़ों की तादाद में श्रद्धालु मणिमहेश की ओर बढ़ रहे हैं। श्रद्धालुओं की इस भीड़ में सुविधा और सेवा भाव की झलक जगह-जगह दिखाई दे रही है।यात्रा मार्ग पर शिव भक्तों द्वारा विभिन्न स्थानों पर भव्य लंगर और भंडारे लगाए गए हैं। यहां आने-जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए तरह-तरह के व्यंजन, चाय-पानी और मिठाइयों की व्यवस्था की गई है। साथ ही, थके हुए यात्रियों के विश्राम हेतु उचित प्रबंध भी किए गए हैं।

गांव लाहड़ के पास डलहौजी के शिव भक्तों द्वारा इस बार भी भव्य भंडारे का आयोजन किया गया है, जहां दूर-दराज़ से पहुंचे यात्री भोजन प्रसाद ग्रहण कर रहे हैं। इसके अलावा बनीखेत क्षेत्र में भी भक्तों ने पूरी निष्ठा और श्रद्धा के साथ सेवा कार्य में अपना योगदान दिया है।बनीखेत महादेव लंगर कमेटी ने हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी यात्रा मार्ग पर आने वाले शिव भक्तों के लिए खाने-पीने और ठहरने की पूरी व्यवस्था की है।

वहीं, बनीखेत पेट्रोल पंप के समीप नाग मंदिर में पिछले दो दिनों से लगातार भव्य भंडारे का आयोजन चल रहा है, जिसमें श्रद्धालुओं को विविध प्रकार के प्रसाद और सुविधाएं उपलब्ध करवाई जा रही हैं।यही नहीं, क्षेत्र के गोली में भी भक्तों ने अनोखी सेवा की परंपरा निभाते हुए श्रद्धालुओं के लिए भजन रूपी प्रसाद का आयोजन किया है। भक्तिमय गीत और भजनों से गूंजते इन आयोजनों से वातावरण पूरी तरह शिवमय हो गया है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि इस बार की यात्रा में सेवा और सहयोग की भावना और भी अधिक देखने को मिल रही है, जिससे श्रद्धालुओं का उत्साह दोगुना हो रहा है।