मतदान केंद्रों के युक्तिकरण पर बैठक आयोजित, उपायुक्त चंबा मुकेश रेपसवाल ने की अध्यक्षता

चम्बा, 22 अगस्त मुकेश कुमार (गोल्डी)
भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के तहत जिला चम्बा में मतदान केंद्रों के युक्तिकरण 2025 के संबंध में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। इस बैठक की अध्यक्षता जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त चम्बा मुकेश रेपसवाल ने की। बैठक में विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों ने सक्रिय रूप से भाग लिया और प्रस्तावित नए मतदान केंद्रों पर अपने सुझाव साझा किए।बैठक में उपायुक्त ने जानकारी दी कि निर्वाचन आयोग के निर्देशों के अनुसार यदि किसी मतदान केंद्र में मतदाताओं की संख्या 1200 से अधिक हो जाती है, तो वहां नया मतदान केंद्र स्थापित किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि वर्तमान में जिला चम्बा की पांच विधानसभा क्षेत्रों में कुल 632 मतदान केंद्र कार्यरत हैं। युक्तिकरण प्रक्रिया पूर्ण होने के बाद 23 नए मतदान केंद्र स्थापित किए जाएंगे, जिससे इनकी संख्या बढ़कर 655 हो जाएगी। प्रस्तावित नए केंद्रों में चुराह में 5, भरमौर में 1, चम्बा में 6, डलहौज़ी में 8 तथा भाटियात निर्वाचन क्षेत्र में 3 नए मतदान केंद्र शामिल होंगे।उपायुक्त ने संबंधित विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए कि नए मतदान केंद्र उन्हीं भवनों में स्थापित किए जाएं, जहाँ बिजली, पानी, शौचालय तथा दिव्यांगजनों के लिए रैंप जैसी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध हों। उन्होंने कहा कि इन व्यवस्थाओं से मतदाताओं को मतदान के दौरान किसी प्रकार की असुविधा नहीं होगी।

बैठक में मौजूद विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों ने भी अपनी राय रखी और आवश्यकतानुसार प्रस्तावित मतदान केंद्रों में परिवर्तन हेतु सुझाव दिए। इस अवसर पर एडीएम चम्बा अमित मेहरा, तहसीलदार निर्वाचन अनूप डोगरा, नायब तहसीलदार संजय कुमार शांडिल व अरविन्द मिन्हा, कांग्रेस पार्टी के प्रतिनिधि गोवेर्धन व ओम प्रकाश, भाजपा प्रतिनिधि सुनील शर्मा सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
