25 वर्षों से बिजली की समस्या से जूझ रहे चम्बा के 10 गांवों को मिली राहत, विधायक नीरज नैय्यर ने दिलाया स्थायी समाधान

चम्बा, 23 अगस्त मुकेश कुमार (गोल्डी)
ग्राम पंचायत घघरोता के अंतर्गत मोहाल मेंगल और मोहाल सनोथा क्षेत्र के ग्रामीणों के लिए आज ऐतिहासिक दिन साबित हुआ। पिछले 25 वर्षों से बिजली की कम वोल्टेज और बार-बार कटौती की समस्या से परेशान इन क्षेत्रों के लोगों को आखिरकार बड़ी राहत मिली है। स्थानीय विधायक श्री नीरज नैय्यर के प्रयासों से आज यहां नया ट्रांसफार्मर स्थापित कर दिया गया, जिससे अब लगभग 10 गांवों को स्थायी समाधान मिल गया है।

इन गांवों में चालून, भुल्लू, टिक्कर, गंडेरा, मालोग, रगनल, रियानी, छुन्डी, डुगा और मनैठी शामिल हैं। लंबे समय से यहां बिजली की वोल्टेज इतनी कम रहती थी कि सर्दियों में हीटर और अन्य उपकरण नहीं चलते थे, वहीं गर्मियों में पंखे तक चलाना मुश्किल हो जाता था। बच्चों को पढ़ाई करने में भी भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ता था।ग्रामीणों का कहना है कि बार-बार बिजली चले जाने और कम वोल्टेज के कारण वे वर्षों से परेशान थे। लेकिन विधायक श्री नीरज नैय्यर के अथक प्रयासों और बिजली बोर्ड के अधिकारियों के सहयोग से अब इस समस्या से स्थायी रूप से निजात मिल गया है।

स्थानीय लोगों ने विधायक नीरज नैय्यर सहित अधिशाषी अभियंता, सहायक अभियंता और कनिष्ठ अभियंता का आभार जताया। उन्होंने कहा कि इस ट्रांसफार्मर के लगने से अब पूरे क्षेत्र में पर्याप्त और स्थिर बिजली आपूर्ति सुनिश्चित होगी, जिससे जीवन स्तर में बड़ा सुधार आएगा।ग्रामीणों ने कहा कि यह कदम न केवल उनकी वर्षों पुरानी समस्या का समाधान है बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए भी वरदान साबित होगा।