भारी बारिश के चलते डलहौज़ी उपमंडल में सभी शिक्षण संस्थान आज बंद

डलहौजी/चंबा, 25 अगस्त मुकेश कुमार (गोल्डी)
जिला चंबा में बीते कई घंटों से लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के कारण जनजीवन प्रभावित हो रहा है। वर्षा से उत्पन्न हालातों को देखते हुए जिला प्रशासन ने एहतियाती कदम उठाते हुए उपमंडल डलहौज़ी के अंतर्गत आने वाले सभी सरकारी और निजी विद्यालयों के साथ-साथ आंगनवाड़ी केंद्रों को आज सोमवार, 25 अगस्त 2025 को बंद रखने के आदेश जारी किए हैं। यह निर्णय छात्रों एवं स्टाफ की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए लिया गया है।उपमंडलाधिकारी (SDM) डलहौज़ी द्वारा जारी आदेशों में कहा गया है कि लगातार जारी भारी वर्षा से भूस्खलन, सड़क अवरोध और अन्य संभावित खतरे बने हुए हैं। ऐसे में बच्चों की आवाजाही को लेकर जोखिम की संभावना को देखते हुए यह कदम उठाना आवश्यक हो गया था। प्रशासन ने अभिभावकों से भी अपील की है कि वे खराब मौसम में बच्चों को अनावश्यक रूप से बाहर न निकालें और सुरक्षित स्थानों पर ही रखें।आदेशानुसार, डलहौज़ी उपमंडल में स्थित पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय बनीखेत भी आज बंद रहेगा। विद्यालय प्रशासन ने भी इस आदेश की पुष्टि करते हुए छात्रों और अभिभावकों को सूचित किया है।गौरतलब है कि चंबा जिले के कई हिस्सों में लगातार बारिश के चलते जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। कई संपर्क मार्ग बाधित हो चुके हैं, जबकि नदियों-नालों का जलस्तर भी बढ़ा हुआ है। प्रशासन ने स्थानीय लोगों और पर्यटकों से अपील की है कि वे नदी-नालों और भूस्खलन प्रभावित क्षेत्रों के समीप जाने से बचें।जिला प्रशासन ने साफ किया है कि मौसम की स्थिति सामान्य होने पर ही स्कूलों और आंगनवाड़ी केंद्रों को पुनः खोला जाएगा। फिलहाल प्रशासन पूरी तरह सतर्क है और राहत एवं बचाव व्यवस्था को मजबूत करने के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।