डलहौज़ी उपमंडल में बारिश से दुध, सब्जी सप्लाई प्रभावित, गैस वितरण पर भी संकट की आशंका
डलहौज़ी/चम्बा, 25 अगस्त मुकेश कुमार (गोल्डी)
उपमंडल डलहौज़ी के अंतर्गत आने वाले क्षेत्रों बनीखेत, बाथरी, बगढार, नैनीखड्ड एवं खैरी में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के चलते आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति बुरी तरह प्रभावित रही। हर रोज़ पठानकोट से आने वाली दूध, अंडा, ब्रेड और ताज़ी सब्ज़ियों की सप्लाई आज पूरी तरह बाधित रही, जिससे स्थानीय लोगों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।

गौरतलब है कि इस समय क्षेत्र में हो रही तेज़ बारिश ने जहां एक ओर धार्मिक दृष्टि से महत्वपूर्ण मणिमहेश यात्रा पर प्रतिकूल असर डाला है, वहीं दूसरी ओर आम जीवन को भी प्रभावित कर दिया है। बाहरी राज्यों से आने वाला रोज़मर्रा का सामान भारी बारिश के चलते अवरुद्ध हो गया है।सूत्रों के अनुसार, बारिश से राष्ट्रीय उच्च मार्ग 154ए (NH-154A) कई स्थानों पर बाधित हो गया है।

मार्ग अवरुद्ध होने के चलते गैस से भरे ट्रक भी बीच रास्ते में फंसे हुए हैं। ऐसे में यदि मौसम में सुधार नहीं हुआ तो आने वाले दिनों में एलपीजी गैस की सप्लाई पर भी संकट गहराने की आशंका है। इससे घरेलू उपभोक्ताओं के साथ-साथ होटल व्यवसायियों को भी परेशानी झेलनी पड़ सकती है।हालांकि स्थिति से निपटने के लिए एनएच प्राधिकरण पूरी तरह अलर्ट है। जानकारी के मुताबिक प्राधिकरण के अधिकारी और कर्मचारी जगह-जगह मशीनरी लगाकर बंद पड़े मार्गों को बहाल करने में जुटे हैं।

इसके साथ ही लोक निर्माण विभाग (PWD) भी युद्ध स्तर पर कार्य कर रहा है ताकि लोगों को जल्द से जल्द राहत मिल सके।बिजली और जलापूर्ति सेवाएं भी इस खराब मौसम की मार से प्रभावित हो रही हैं। विद्युत विभाग और जल शक्ति विभाग के कर्मचारी लगातार फील्ड में डटे हुए हैं और बाधित सेवाओं की बहाली के लिए हरसंभव प्रयास कर रहे हैं।

ग्रामीण क्षेत्रों में कई जगह बिजली गुल है, जबकि पेयजल आपूर्ति भी अस्थिर हो गई है।स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि स्थिति लंबी खिंची तो न केवल रोज़मर्रा की वस्तुओं की किल्लत बढ़ेगी बल्कि गैस और अन्य आवश्यक वस्तुओं का संकट भी गहरा जाएगा। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और संयम बनाए रखें। विभागीय अधिकारी लगातार हालात पर नज़र रखे हुए हैं और जल्द स्थिति सामान्य करने का आश्वासन दे रहे हैं।
