डलहौज़ी में लगातार बारिश से जनजीवन प्रभावित, आज भी सभी स्कूल रहेंगे बंद

डलहौज़ी में लगातार बारिश से जनजीवन प्रभावित, आज भी सभी स्कूल रहेंगे बंद

डलहोजी/ चम्बा 28 अगस्त मुकेश कुमार (गोल्डी)

डलहौज़ी उपमंडल में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है। भारी वर्षा के चलते क्षेत्र की कई सड़कें क्षतिग्रस्त हो गई हैं, जबकि नदियों और नालों में जलस्तर लगातार बढ़ा हुआ है । ऐसे हालात में प्रशासन ने लोगों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए बड़ा निर्णय लिया है।उपमंडलाधिकारी (SDM) डलहौज़ी अनिल भारद्वाज ने जानकारी देते हुए कहा कि क्षतिग्रस्त सड़कों को तुरंत खोलना और बढ़ते जलस्तर को कम करना संभव नहीं है। ऐसे में बच्चों की सुरक्षा और उनकी कुशलता सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसी कारण उपमंडल के सभी सरकारी और निजी विद्यालयों को 28 अगस्त 2025 (गुरुवार) को बंद रखने के आदेश जारी किए गए हैं।प्रशासन का मानना है कि लगातार हो रही वर्षा से किसी भी समय भूस्खलन, सड़क धंसने या नाले-खड्डों के उफान पर आने की संभावना बनी हुई है। ऐसी स्थिति में बच्चों का विद्यालयों तक आना-जाना खतरे से खाली नहीं है। इसलिए एहतियातन यह निर्णय लिया गया है ताकि किसी प्रकार की अप्रिय घटना से बचा जा सके।SDM ने क्षेत्रवासियों से भी अपील की है कि वे मौसम को देखते हुए अनावश्यक यात्रा से बचें और नदियों-नालों के किनारे जाने से परहेज करें। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि हालात सामान्य होने तक लगातार स्थिति पर नज़र रखी जाएगी और आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।स्थानीय लोग भी प्रशासन के इस फैसले को सही ठहरा रहे हैं। उनका कहना है कि बच्चों की सुरक्षा सबसे पहले है और ऐसे समय में एहतियाती कदम उठाना बेहद ज़रूरी है। बारिश का यह दौर यदि और लंबा खिंचता है तो संभव है कि छुट्टियों की अवधि को आगे भी बढ़ाया जा सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!