चंबा में प्राकृतिक आपदा के बीच डीसी ने रद्द की छुट्टियां, सभी विभागों को बहाली कार्य में जुटने के निर्देश

चंबा में प्राकृतिक आपदा के बीच डीसी ने रद्द की छुट्टियां, सभी विभागों को बहाली कार्य में जुटने के निर्देश

चंबा, 30 अगस्त मुकेश कुमार (गोल्डी)

जिला चंबा में हाल ही में आई प्राकृतिक आपदा ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है। लगातार भारी बारिश और बादल फटने जैसी घटनाओं से सड़कों, पेयजल योजनाओं, बिजली आपूर्ति, भवनों तथा ग्रामीण व शहरी क्षेत्रों की बुनियादी सुविधाओं को भारी क्षति पहुंची है। ऐसे हालातों में जिला प्रशासन ने राहत व पुनर्बहाली कार्यों को प्राथमिकता देते हुए सभी विभागों को युद्धस्तर पर काम करने के निर्देश जारी किए हैं।डीसी चंबा ने स्पष्ट किया है कि पीडब्ल्यूडी, जल शक्ति विभाग, हिमाचल प्रदेश राज्य विद्युत बोर्ड , ग्रामीण विकास, पंचायती राज, नगर निगम, खाद्य एवं आपूर्ति, स्वास्थ्य/आयुष तथा राजस्व विभाग सहित सभी संबंधित विभागों के अधिकारियों और कर्मचारियों की छुट्टियां तुरंत प्रभाव से रद्द की जाती हैं।

उन्हें अपने-अपने क्षेत्र में पूरी तत्परता के साथ राहत और बहाली कार्यों में जुटने के आदेश दिए गए हैं।प्रशासन का कहना है कि आपदा के चलते सबसे अधिक प्रभावित सड़क नेटवर्क और बिजली-पानी की आपूर्ति व्यवस्था है, जिन्हें शीघ्र बहाल करना सर्वोच्च प्राथमिकता है। साथ ही प्रभावित परिवारों को खाद्य सामग्री, चिकित्सकीय सहायता और अस्थायी आश्रय उपलब्ध कराना भी विभागों की जिम्मेदारी होगी। डीसी ने यह भी निर्देश दिए कि सभी विभाग आपसी तालमेल के साथ कार्य करें और जमीनी स्तर पर स्थिति की रिपोर्ट नियमित रूप से जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण को भेजें।स्थानीय प्रशासन ने आम जनता से भी अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें। डीसी ने भरोसा दिलाया कि सरकार और प्रशासन हर संभव प्रयास कर रहा है ताकि जल्द से जल्द सामान्य स्थिति बहाल हो सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!