मनीमहेश यात्रा से लौट रहे श्रद्धालुओं के लिए चम्बा स्वास्थ्य विभाग ने लगाए स्वास्थ्य शिविर

चम्बा, 1 सितम्बर मुकेश कुमार (गोल्डी)
मुख्य चिकित्सा अधिकारी चम्बा, डॉ. बिपिन ठाकुर ने जानकारी दी कि मनिमहेश यात्रा से लौट रहे श्रद्धालुओं की सुविधा और स्वास्थ्य सुरक्षा के लिए स्वास्थ्य विभाग की ओर से विशेष इंतज़ाम किए गए हैं। इस कड़ी में कलसुई में 24 घंटे स्वास्थ्य सेवाएँ उपलब्ध करवाई जा रही हैं। इसके अतिरिक्त चमेरा, चौगान नंबर-1 तथा नया बस अड्डा चम्बा में भी स्वास्थ्य जाँच शिविर स्थापित किए गए हैं।इन शिविरों में श्रद्धालुओं के लिए सभी प्रकार की दवाइयाँ, इंजेक्शन, मलहम आदि निःशुल्क उपलब्ध करवाए जा रहे हैं। वहीं, ज़रूरतमंद लोगों की स्वास्थ्य जाँच कर उन्हें चिकित्सीय सलाह भी दी जा रही है।

डॉ. ठाकुर ने बताया कि भारी वर्षा के चलते सड़क मार्ग बाधित होने के उपरांत से ही ये शिविर लगातार कार्यरत हैं और अब तक 1050 से अधिक श्रद्धालुओं का स्वास्थ्य परीक्षण किया जा चुका है।उन्होंने आगे बताया कि शिविरों में प्राथमिक उपचार के साथ-साथ गंभीर रूप से बीमार अथवा घायल श्रद्धालुओं को तुरंत 108 एम्बुलेंस सेवा के माध्यम से पंडित जवाहर लाल नेहरू राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय, चम्बा रेफर किया जा रहा है। यह पूरी सुविधा श्रद्धालुओं को निःशुल्क प्रदान की जा रही है ताकि किसी भी प्रकार की आपात स्थिति में उन्हें त्वरित और बेहतर चिकित्सा सहायता मिल सके।

सीएमओ ने कहा कि स्वास्थ्य विभाग पूरी तत्परता से श्रद्धालुओं की सेवा में जुटा हुआ है और विभागीय टीमें लगातार शिविरों का निरीक्षण कर श्रद्धालुओं को सर्वोत्तम सुविधाएँ उपलब्ध करा रही हैं। मनीमहेश यात्रा के दौरान स्वास्थ्य सुरक्षा को लेकर प्रशासन की यह पहल श्रद्धालुओं के लिए राहतभरी साबित हो रही है।