चंबा में मणिमहेश यात्रियों के लिए 126 बसों से निशुल्क परिवहन सेवा, 5500 श्रद्धालु हुए लाभान्वित

चंबा,1सितंबर मुकेश कुमार (गोल्डी)
मणिमहेश यात्रा के दौरान हाल ही में आई भारी वर्षा और आपदा जैसी परिस्थितियों के बीच जिला प्रशासन चंबा ने यात्रियों की सुरक्षित घर वापसी सुनिश्चित करने के लिए सराहनीय कदम उठाया है। उपायुक्त चंबा मुकेश रेपसवाल ने बताया कि 29 अगस्त से हिमाचल प्रदेश सरकार के दिशा-निर्देशानुसार हिमाचल पथ परिवहन निगम (HRTC) के माध्यम से निशुल्क बस सेवा शुरू की गई। इस सुविधा का अब तक लगभग 5500 श्रद्धालुओं ने लाभ उठाया है।
उपायुक्त ने जानकारी दी कि 29 अगस्त को चंबा और कलसुई से पठानकोट व कांगड़ा के लिए 36 बसों को भेजा गया, जिनमें 1507 यात्री सुरक्षित रवाना किए गए। इसके बाद 30 अगस्त को 46 बसों के माध्यम से 1950 श्रद्धालुओं को उनके गंतव्य तक पहुँचाया गया। इसी क्रम में 31 अगस्त को 41 बसों द्वारा 1860 यात्रियों को सुरक्षित निकाला गया। वहीं, 1 सितंबर को 3 बसों के जरिए 126 श्रद्धालुओं को उनके घरों के लिए भेजा गया। इस प्रकार 29 अगस्त से 1 सितंबर तक कुल 126 बसें चलाई गईं और लगभग 5500 यात्रियों को सुरक्षित घर पहुँचाने में सफलता मिली।
उन्होंने बताया कि प्रशासन यात्रियों को हरसंभव सहायता उपलब्ध करवा रहा है और यात्रा मार्ग में फंसे हुए शेष श्रद्धालुओं को भी निरंतर निशुल्क परिवहन सुविधा दी जा रही है। रेपसवाल ने कहा कि प्रशासन की प्राथमिकता हर यात्री की सुरक्षा सुनिश्चित करना है और इस दिशा में परिवहन विभाग व जिला प्रशासन पूरी तत्परता से कार्य कर रहा है।
मणिमहेश यात्रा के दौरान प्राकृतिक आपदा के कारण बनी चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में यह कदम प्रशासन की संवेदनशीलता और तत्परता को दर्शाता है। श्रद्धालुओं और उनके परिजनों ने इस पहल की सराहना करते हुए जिला प्रशासन और सरकार का आभार जताया है।