चंबा मेडिकल कॉलेज में 6 पीलिया के मामले, सीएमओ ने की सतर्क रहने की अपील

चंबा मेडिकल कॉलेज में 6 पीलिया के मामले, सीएमओ ने की सतर्क रहने की अपील

चंबा, 3 सितंबर मुकेश कुमार (गोल्डी)

मुख्य चिकित्सा अधिकारी चंबा डॉ. विपिन ठाकुर ने जानकारी दी है कि पंडित जवाहरलाल नेहरू गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज चंबा में हाल ही में पीलिया के छह नए मामले दर्ज किए गए हैं। उन्होंने बताया कि ये सभी मरीज एक ही क्षेत्र हरदासपुर से संबंधित हैं। बरसात के मौसम में लगातार हो रही भारी वर्षा और बाढ़ के कारण क्षेत्र की पेयजल पाइपलाइनों को नुकसान पहुंचा है। कई स्थानों पर पाइप टूटने या रिसाव होने की आशंका है, जिसके चलते दूषित पानी के सेवन से लोगों में यह बीमारी फैल रही है।सीएमओ ने आम जनता से अपील की है कि वे पूरी सावधानी बरतें। उन्होंने कहा कि लोग केवल उबला हुआ और ठंडा होने के बाद का पानी ही पिएं। गली-सड़ी या बासी सब्जियां और खाद्य पदार्थों का सेवन न करें। साथ ही भोजन बनाने और खाने से पहले तथा शौच जाने के बाद हाथों को साबुन से अच्छी तरह धोने की आदत डालें।उन्होंने जिला स्वास्थ्य अधिकारी को प्रभावित क्षेत्र का दौरा करने के निर्देश दिए हैं।

डॉ. ठाकुर ने कहा कि कम्युनिटी हेल्थ ऑफिसर और आशा वर्कर के माध्यम से गांव-गांव जाकर लोगों को जागरूक किया जाएगा। सूचना, शिक्षा और संचार गतिविधियों के माध्यम से स्वच्छता और सुरक्षित पानी के महत्व को बताया जाएगा ताकि बीमारी को फैलने से रोका जा सके।सीएमओ ने लोगों से अपील की है कि यदि किसी को पीलिया जैसे लक्षण दिखाई दें, जैसे कि आँखों या त्वचा का पीला होना, थकान, भूख न लगना या पेट में दर्द, तो तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र में जांच करवाएं। उन्होंने कहा कि समय पर उपचार से बीमारी को नियंत्रित किया जा सकता है।प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग ने संयुक्त रूप से आश्वासन दिया है कि प्रभावित क्षेत्रों में निगरानी बढ़ाई जाएगी और आवश्यक कदम उठाकर लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!