उपायुक्त चंबा ने किया एनएच-154ए का निरीक्षण, श्रद्धालुओं की निकासी और सुरक्षा पर विशेष ध्यान

चंबा, 4 सितंबर मुकेश कुमार (गोल्डी)
उपायुक्त चंबा मुकेश रेपसवाल ने 4 सितंबर को चंबा-भरमौर राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच-154ए) के क्षतिग्रस्त हिस्सों का निरीक्षण किया और मार्ग बहाली कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। उन्होंने दुर्गेठी से धरवाला तक पैदल यात्रा कर रहे श्रद्धालुओं की सुरक्षा व सुविधाओं की भी समीक्षा की और मौके पर मौजूद अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।उपायुक्त ने जानकारी दी कि भरमौर से दुर्गेठी तक सड़क मार्ग छोटे वाहनों के लिए खोल दिया गया है। इसी कड़ी में आज लगभग 450 श्रद्धालुओं को टैक्सियों द्वारा भरमौर से दुर्गेठी भेजा गया, जिसकी व्यवस्था एडीएम भरमौर ने निशुल्क की।

वहीं पैदल आने वाले श्रद्धालुओं को कलसुई से पठानकोट और नूरपुर तक भेजने के लिए हिमाचल पथ परिवहन निगम की बसों से मुफ्त परिवहन सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है।रेपसवाल ने बताया कि अब तक लगभग 15 हजार श्रद्धालुओं को भरमौर से सुरक्षित बाहर निकाला जा चुका है, जबकि शेष बचे करीब 800 श्रद्धालुओं की निकासी के प्रयास तेज़ी से जारी हैं। उन्होंने कहा कि पैदल आने वाले श्रद्धालुओं के लिए रास्ते में सुरक्षा और सुविधाओं का विशेष ध्यान रखा जा रहा है। कठिन रास्तों पर एनडीआरएफ और सुरक्षा बलों को तैनात किया गया है।

इसके साथ ही विभिन्न पड़ावों पर लंगर और अन्य व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं।उपायुक्त ने यह भी बताया कि भरमौर में बचे श्रद्धालुओं की निकासी के लिए राज्य सरकार हेलीकॉप्टर सेवाओं का विशेष प्रबंध कर रही है। उन्होंने कहा कि एनएच-154ए पर बहाली का कार्य लगातार चल रहा है और वर्तमान में चंबा से भरमौर की ओर लगभग 20 किलोमीटर तथा भरमौर से चंबा की ओर करीब 25 किलोमीटर सड़क छोटे वाहनों के लिए खोल दी गई है।

निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक अभिषेक यादव, एसडीएम प्रियांशु खाती, तहसीलदार दीक्षित राणा सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।