चुराह उपमंडल से टैक्सी चालक सोनू गाड़ी सहित लापता, परिजनों ने लोगों से की मदद की अपील

तीसा/चुराह 04 सितंबर दिलीप सिंह ठाकुर
चंबा जिले के उपमंडल चौराह के अंतर्गत ग्राम पंचायत चांजु का एक युवक बीते कुछ दिनों से रहस्यमयी परिस्थितियों में लापता है। जानकारी के अनुसार, सुनील कुमार उर्फ सोनू पुत्र विनोद कुमार, जो टैक्सी चालक है, अपनी सफेद रंग की ऑल्टो कार टैक्सी नंबर HP 01C 2614 सहित अचानक लापता हो गया है।परिजनों ने बताया कि सुनील कुमार का मोबाइल फोन भी लगातार स्विच ऑफ आ रहा है, जिसके कारण उनसे किसी भी प्रकार का संपर्क नहीं हो पा रहा है। परिवार ने बताया कि कई जगहों पर पूछताछ करने के बावजूद अभी तक युवक या उसकी गाड़ी का कोई सुराग नहीं लग पाया है। इस घटना से क्षेत्र में चिंता और बेचैनी का माहौल बना हुआ है।लापता युवक के पिता विनोद कुमार ने बताया कि उनका बेटा पिछले कुछ दिनों से घर नहीं लौटा है और उसका फोन बंद आ रहा है। उन्होंने प्रशासन से गुहार लगाई है कि इस मामले में त्वरित कार्रवाई की जाए और लापता युवक का जल्द से जल्द पता लगाया जाए।परिजनों ने आम जनता से भी सहयोग की अपील की है। यदि किसी भी व्यक्ति को सुनील कुमार उर्फ सोनू या उसकी गाड़ी के बारे में कोई भी जानकारी मिलती है तो तुरंत विनोद कुमार से मोबाइल नंबर 85447-32941 पर संपर्क करने का आग्रह किया गया है।स्थानीय लोगों ने प्रशासन से अपील की है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए खोज अभियान चलाया जाए, ताकि लापता युवक को जल्द से जल्द ढूंढकर उसके परिवार को राहत पहुंचाई जा सके। फिलहाल पुलिस और प्रशासनिक स्तर पर इस मामले की जांच की जा रही है।