बनीखेत में 34 वर्षीय युवक की आकस्मिक मृत्यु, पुलिस जांच में जुटी

बनीखेत में 34 वर्षीय युवक की आकस्मिक मृत्यु, पुलिस जांच में जुटी

डलहौजी/ चम्बा 05 सितंबर मुकेश कुमार (गोल्डी)

पुलिस थाना डलहौजी के अंतर्गत गांव बनीखेत के नीजी ढाबे में कार्यरत एक युवक की अचानक मृत्यु होने का मामला प्रकाश में आया है। मृतक की पहचान 34 वर्षीय कर्ण कुमार उर्फ कन्हैया पुत्र स्वर्गीय संत राम, निवासी रांची (झारखंड) के रूप में हुई है। वह पिछले लगभग दस वर्षों से बनीखेत बस अड्डा में स्थित ढाबे में हेल्पर के तौर पर कार्य कर रहा था और ढाबा परिसर में ही निवास करता था।सूचना के अनुसार शुक्रवार सुबह कर्ण कुमार राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला के समीप अचेत अवस्था में गिरा हुआ पाया गया। स्थानीय लोगों ने तुरंत उसे प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) बनीखेत पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने परीक्षण के उपरांत उसे मृत घोषित कर दिया। बताया जा रहा है कि सुबह करीब पौने नौ बजे मृतक ने ढाबा प्रबंधक से टेलीफोन पर बातचीत भी की थी।घटना की सूचना मिलते ही पुलिस चौकी बनीखेत की टीम मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू की।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए नागरिक अस्पताल (सीएच) डलहौजी भेजा है। प्रथम दृष्टया पुलिस इसे हृदय गति रुकने से हुई मौत (कार्डियक अरेस्ट) मान रही है, हालांकि वास्तविक कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही होगी।पुलिस की प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि मृतक मादक पदार्थों का सेवन करता था। शव के निरीक्षण के दौरान किसी गंभीर बाहरी चोट के निशान नहीं पाए गए, केवल पीठ और पेट के पास हल्के खरोंच दिखाई दिए हैं। पुलिस ने बताया कि मामले में नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है। इस सारे मामले की पुष्टि थाना प्रभारी डलहौजी जगबीर सिंह द्वारा की गई है। उन्होंने जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस इस मामले से जुड़े हर पहलू की बारीकी से जांच कर रही है। तो वहीं स्थानीय लोगों में अचानक हुई इस घटना को लेकर शोक की लहर है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!