भारी बारिश से अथेड़ स्कूल भवन जर्जर, विधायक डीएस ठाकुर ने किया निरीक्षण

भारी बारिश से अथेड़ स्कूल भवन जर्जर, विधायक डीएस ठाकुर ने किया निरीक्षण

डलहौजी/चम्बा, 6 सितंबर मुकेश कुमार (गोल्डी)

डलहौजी विधानसभा क्षेत्र के विधायक डीएस ठाकुर ने आज ग्राम पंचायत ग्वालू स्थित राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला अथेड़ का निरीक्षण किया। हाल ही में हुई लगातार भारी बारिश के कारण विद्यालय भवन को गंभीर क्षति पहुंची है। भवन का अधिकांश हिस्सा टूट चुका है और जमीन धंसने से पूरा परिसर असुरक्षित हो गया है।निरीक्षण के दौरान विधायक ने स्थिति को अत्यंत चिंताजनक बताते हुए तत्काल प्रशासनिक हस्तक्षेप की आवश्यकता जताई। उन्होंने फोन पर एस.डी.एम. सलूनी को पूरे मामले की जानकारी दी और विद्यालय भवन को असुरक्षित घोषित करने के साथ-साथ इसे जल्द उद्ध्वस्त करने के आदेश जारी करने की मांग की।

डीएस ठाकुर ने कहा कि स्कूल भवन अब किसी भी समय ढह सकता है, जिससे बच्चों और स्थानीय लोगों की सुरक्षा को गंभीर खतरा है। उन्होंने स्थानीय जनता से अपील की कि किसी भी स्थिति में विद्यालय परिसर में प्रवेश न करें। साथ ही उन्होंने प्रशासन से आग्रह किया कि बच्चों की पढ़ाई बाधित न हो, इसके लिए वैकल्पिक व्यवस्था शीघ्र की जाए।विधायक ने कहा कि शिक्षा संस्थान किसी भी समाज की नींव होते हैं और ऐसे में स्कूल भवन की जर्जर स्थिति अत्यंत दुखद और खतरनाक है।

उन्होंने आश्वासन दिया कि राज्य सरकार और प्रशासन से समन्वय कर छात्रों की पढ़ाई निरंतर चलाने और नए भवन के निर्माण की दिशा में हरसंभव कदम उठाए जाएंगे।गौरतलब है कि हाल के दिनों में भारी बारिश ने पूरे क्षेत्र में भूस्खलन और जमीन धंसने की घटनाओं को बढ़ा दिया है। अथेड़ विद्यालय भवन भी इसी आपदा का शिकार बन गया है। विधायक ठाकुर ने दोहराया कि प्राथमिकता बच्चों और स्टाफ की सुरक्षा है और इसके लिए ठोस कदम उठाए जाएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!