हिम आंचल पेंशनर संघ डलहौजी ब्लॉक की मासिक बैठक, पेंशनरों की मांगों पर हुई चर्चा

डलहौजी/चम्बा 6 सितंबर मुकेश कुमार (गोल्डी)
हिम आंचल पेंशनर संघ डलहौजी ब्लॉक की मासिक बैठक बीते कल लोक निर्माण विभाग के विश्रामगृह बनीखेत में आयोजित की गई। इस अवसर पर संघ के समस्त पदाधिकारी व सदस्य बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। बैठक की शुरुआत स्वर्गीय रमेश भारद्वाज के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए दो मिनट का मौन रखकर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करने से हुई।बैठक में पेंशनरों की विभिन्न समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की गई। संघ के पदाधिकारियों ने कहा कि वर्ष 2016 से 2022 के बीच सेवा निवृत्त हुए कर्मचारियों को अब तक लीव इन कैशमेंट तथा पेंशन बढ़ोतरी का लाभ नहीं मिल पाया है। इसे लेकर पेंशनरों में गहरी नाराज़गी है। उन्होंने सरकार से मांग की कि इस मामले को प्राथमिकता के आधार पर हल किया जाए ताकि पेंशनरों को उनका हक मिल सके।इसके साथ ही बैठक में महंगाई भत्ते (डीए) की लंबित किश्तों पर भी चिंता जताई गई। संघ के सदस्यों ने कहा कि 13 प्रतिशत डीए की किश्तें अब तक नहीं दी गई हैं, जबकि माननीय मुख्यमंत्री ने हिमाचल दिवस के अवसर पर कर्मचारियों को तीन प्रतिशत की किश्त शीघ्र जारी करने की घोषणा की थी। किंतु अब तक इसे लागू नहीं किया गया है। पेंशनरों ने सरकार से आग्रह किया कि सभी लंबित डीए किश्तों का शीघ्र भुगतान किया जाए।

बैठक में मेडिकल बिलों के भुगतान के मुद्दे पर भी गहन चर्चा हुई। सदस्यों ने कहा कि सरकार द्वारा लंबे समय से मेडिकल बिलों का भुगतान नहीं किया गया है, जिसके चलते सेवानिवृत्त कर्मचारी व उनके आश्रितों को इलाज करवाने में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि विशेषकर मृत कर्मचारियों के आश्रितों को चिकित्सा सुविधाओं के अभाव में परेशान होना पड़ रहा है। संघ ने सरकार से आग्रह किया कि पेंशनरों और उनके आश्रितों के मेडिकल बिलों का त्वरित भुगतान सुनिश्चित किया जाए।बैठक के अंत में संघ बनीखेत ब्लॉक अध्यक्ष के मदनलाल अरोड़ा ने सभी पदाधिकारियों और सदस्यों का धन्यवाद करते हुए कहा कि संघ हमेशा पेंशनरों की आवाज़ को मजबूती से सरकार तक पहुंचाने का कार्य करता रहेगा। उन्होंने आशा व्यक्त की कि सरकार पेंशनरों की समस्याओं का शीघ्र समाधान करेगी।