भटियात के ककीरा सन्यास आश्रम में धूमधाम से संपन्न हुआ गणेश उत्सव, ओभारड़ी खड्ड में प्रतिमा का जल विसर्जन

भटीयात/चुवाडी 06 सितंबर बबलू पठानिया
भटियात क्षेत्र के ककीरा स्थित सन्यास आश्रम में गणेश चतुर्थी का पर्व पूरे श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया। दस दिवसीय गणेश उत्सव का समापन बीते कल विधिवत पूजा-अर्चना और गणपति बप्पा मोरया के जयकारों के बीच प्रतिमा विसर्जन के साथ हुआ।आश्रम में गणेश जी की प्रतिमा को 27 अगस्त को पंडित नवीन पोखरिया के मंत्रोच्चार और पूरे विधि-विधान के साथ यज्ञशाला में स्थापित किया गया था। प्रतिमा स्थापना के बाद प्रतिदिन सुबह-शाम आरती, पूजन और भजन-कीर्तन आयोजित किए गए।

भक्तों ने पूरे दस दिनों तक धार्मिक अनुष्ठानों में सहभागिता कर वातावरण को भक्तिमय बनाए रखा।आश्रम के मुख्य ट्रस्टियों ने जानकारी दी कि ककीरा सन्यास आश्रम में गणेश उत्सव का आयोजन पिछले कई वर्षों से परंपरागत रूप से होता आ रहा है। इस दौरान सैकड़ों श्रद्धालु सम्मिलित होकर भगवान गणेश की आराधना करते हैं और पुण्य लाभ प्राप्त करते हैं।समापन अवसर पर आज 10वें दिन आश्रम के ट्रस्टी देवेंद्र राज महाजन की अगुवाई में प्रतिमा को ओभारड़ी खड्ड में विसर्जित किया गया। भक्तों ने जयकारों और भक्ति गीतों के साथ गणेश जी को विदाई दी।

पूरे माहौल में गणपति बप्पा मोरया की गूंज सुनाई देती रही।विसर्जन के उपरांत आश्रम परिसर में विशाल भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें सैकड़ों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। आयोजन की सफलता में आश्रम के ट्रस्टी, अनुयायी और स्थानीय श्रद्धालुओं ने सक्रिय भूमिका निभाई।

इस अवसर पर ट्रस्टियों ने सभी भक्तों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि गणेश उत्सव न केवल धार्मिक आस्था का प्रतीक है बल्कि सामाजिक सद्भाव और भाईचारे को भी प्रगाढ़ करता है। उन्होंने श्रद्धालुओं से अपील की कि वे इस तरह के धार्मिक आयोजनों में सहभागिता कर समाज को एकजुट और सकारात्मक दिशा देने में सहयोग करें।