स्वास्थ्य विभाग चंबा ने जवाहर नवोदय विद्यालय सरोल में आयोजित किया जागरूकता शिविर

चंबा, 6 सितंबर मुकेश कुमार (गोल्डी)
अंतरराष्ट्रीय युवा दिवस अभियान के तहत स्वास्थ्य विभाग चंबा ने जवाहर नवोदय विद्यालय सरोल में छात्रों के लिए जागरूकता शिविर का आयोजन किया। इस अवसर पर एचआईवी-एड्स, नशा मुक्ति और तपेदिक (टीबी) की रोकथाम संबंधी जानकारी प्रदान की गई।मुख्य चिकित्सा अधिकारी चंबा, डॉ. विपिन ठाकुर ने बताया कि युवाओं को समाज के उत्थान के लिए आगे आना चाहिए। उन्होंने कहा कि बढ़ती कुरीतियों, नशाखोरी और ड्रग तस्करी को रोकना आवश्यक है और राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भूमिका सबसे अहम है।जिला एड्स कार्यक्रम अधिकारी डॉ. हरित पूरी ने छात्रों को एचआईवी-एड्स की रोकथाम के बारे में जानकारी दी। उन्होंने कहा कि यह बीमारी लाइलाज है और इससे बचाव का एकमात्र उपाय जागरूकता है।

उन्होंने छात्रों को इसके लक्षण, फैलने के कारण और बचाव की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने सभी को समय-समय पर स्वास्थ्य जांच कराने और स्वेच्छापूर्वक एचआईवी की जांच करवाने की सलाह दी।डॉ. पूरी ने बताया कि चंबा जिले में गर्भवती महिलाओं की एचआईवी जांच विशेष रूप से की जाती है। वर्तमान में भरमौर, चंबा, चुवाड़ी और किहार में आईसीटीसी सेंटर उपलब्ध हैं, जहां यह जांच निशुल्क और गोपनीय रूप से की जाती है। साथ ही, एचआईवी संबंधी किसी भी जानकारी के लिए भारत सरकार का टोल-फ्री नंबर 1097 भी उपलब्ध है।इस अवसर पर भाषण प्रतियोगिता भी आयोजित की गई, जिसमें परीक्षा ने पहला, वर्तिका ने दूसरा और मोनिका ने तीसरा स्थान प्राप्त किया।

दो छात्रों को सांत्वना पुरस्कार भी दिए गए।कार्यक्रम में विद्यालय के प्राचार्य विक्रम सचदेवा, सूचना एवं संप्रेषण अधिकारी छांगा राम ठाकुर, बीसीसी कोऑर्डिनेटर दीपक जोशी, स्वास्थ्य कार्यकर्ता रीता, कम्युनिटी हेल्थ ऑफिसर रागिनी बेदी और रूचि सहित कई अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।