महिलाओं का सुरक्षा कवच बना मिशन शक्तिमिशन शक्ति के तहत 10 दिवसीय विशेष जागरूकता अभियान की शुरुआत

चंबा 06 सितंबर मुकेश कुमार (गोल्डी)
महिला एवं बाल विकास विभाग चंबा द्वारा महिलाओं और बालिकाओं के सशक्तिकरण व सुरक्षा के लिए चलाए जा रहे मिशन शक्ति के अंतर्गत 2 से 12 सितंबर तक दस दिवसीय विशेष जागरूकता अभियान की शुरुआत की गई है। इस अभियान के तहत शनिवार को बालिका आश्रम चिल्ली में एक दिवसीय जागरूकता कार्यशाला आयोजित की गई, जिसकी अध्यक्षता जिला कार्यक्रम अधिकारी (अतिरिक्त कार्यभार) राजेश राय ने की।कार्यक्रम में मिशन हब और चाइल्ड हेल्पलाइन का पूरा स्टाफ सक्रिय रूप से शामिल हुआ। सत्र के दौरान विशेषज्ञों ने प्रतिभागियों को महिला एवं बाल कल्याण योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी। जेंडर स्पेशलिस्ट शिवालिका शर्मा और मिशन शक्ति कोऑर्डिनेटर मनोहर नाथ ने बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ, पालना (क्रेच) सुविधा और जिला स्तर पर संचालित गतिविधियों पर प्रकाश डाला। वहीं, डीपीओ राजेश राय ने मिशन शक्ति की योजनाओं और महिलाओं के आत्मनिर्भर बनने की दिशा में मिल रहे अवसरों की जानकारी दी।कार्यक्रम में मनोहर नाथ ने मासिक धर्म के दौरान स्वच्छता पर विशेष चर्चा की।

साथ ही महिला हेल्पलाइन, वन स्टॉप सेंटर, मुख्यमंत्री कन्यादान योजना, मुख्यमंत्री शगुन योजना, मुख्यमंत्री सुख शिक्षा योजना, मिशन वात्सल्य योजना, बेटी है अनमोल योजना और प्रधानमंत्री मातृवंदना योजना जैसी कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी साझा की।चाइल्ड हेल्पलाइन चंबा के जिला समन्वयक कपिल शर्मा ने प्रतिभागियों को पोक्सो अधिनियम, किशोर न्याय अधिनियम (J.J. Act), बाल विवाह, बाल भिक्षावृत्ति व बाल मजदूरी की रोकथाम सहित बच्चों से जुड़े अपराधों की रोकथाम और सोशल मीडिया के दुष्प्रभावों के बारे में बताया। उन्होंने 1098 हेल्पलाइन सेवा की उपयोगिता पर भी विस्तार से चर्चा की।इस कार्यशाला में लगभग 50 प्रतिभागियों ने भाग लिया और महिला एवं बाल विकास विभाग की योजनाओं के साथ-साथ चाइल्ड हेल्पलाइन की गतिविधियों के बारे में भी जानकारी प्राप्त की। कार्यक्रम में विभाग की टीम से ज्योति, शिवालिका, अरुण, अपराजिता, मुस्कान और विकास शर्मा भी मौजूद रहे।