अंतर्राष्ट्रीय सर्पदंश जागरूकता दिवस पर नर्सिंग कॉलेज सरोल में जिला स्तरीय कार्यक्रम आयोजित

अंतर्राष्ट्रीय सर्पदंश जागरूकता दिवस पर नर्सिंग कॉलेज सरोल में जिला स्तरीय कार्यक्रम आयोजित

चंबा, 19 सितम्बर मुकेश कुमार (गोल्डी)

स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग चंबा की ओर से आज शकुंतला मेमोरियल नर्सिंग कॉलेज सरोल में जिला स्तरीय अंतर्राष्ट्रीय सर्पदंश जागरूकता दिवस का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. विपिन ठाकुर के दिशानिर्देशानुसार संपन्न हुआ।मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. विपिन ठाकुर ने बताया कि इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य सर्पदंश के मामलों में उचित देखभाल और प्रबंधन के बारे में जागरूकता बढ़ाना है। उन्होंने कहा कि सर्पदंश के मामलों में लक्षणों की सही पहचान, प्राथमिक उपचार और समय पर चिकित्सा प्रबंधन जीवनरक्षक साबित हो सकता है। नर्सिंग छात्रों को इस अवसर पर विशेष प्रशिक्षण दिया गया ताकि वे सर्पदंश के मरीजों की प्रभावी देखभाल कर सकें।

उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी प्रकार के सर्पदंश की स्थिति में तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य संस्थान का रुख करना चाहिए और वहां उपलब्ध एंटी स्नेक वेनम (Anti-Snake Venom) उपचार लेना चाहिए।डॉ. ठाकुर ने यह भी कहा कि इस प्रकार के जागरूकता शिविर न केवल नर्सिंग छात्रों को प्रशिक्षित करते हैं, बल्कि उन्हें समाज में जागरूकता फैलाने और समुदाय की बेहतर सेवा करने की प्रेरणा भी देते हैं।जिला कार्यक्रम अधिकारी डॉ. हरित पूरी ने छात्रों को संबोधित करते हुए कहा कि सर्पदंश एक गंभीर स्वास्थ्य समस्या है, जिससे हर वर्ष बड़ी संख्या में लोग प्रभावित होते हैं। उन्होंने बताया कि सर्पदंश की स्थिति में घबराने के बजाय शांत रहकर तुरंत चिकित्सा सहायता लेना चाहिए।

प्राथमिक उपचार के तहत सर्पदंश के स्थान को साफ रखना और उसे साबुन-पानी से धोना आवश्यक है।उन्होंने छात्रों को सर्पदंश से बचाव के लिए सावधानियों पर भी बल दिया। इनमें जूते पहनकर चलना, रात के समय प्रकाश का उपयोग करना, तथा सोते समय बिस्तर और आस-पास की जगह की जांच करना शामिल है।इस अवसर पर शकुंतला मेमोरियल नर्सिंग कॉलेज सरोल की प्रिंसिपल अंजू ठाकुर सहित कॉलेज का समस्त स्टाफ और छात्र उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में छात्रों ने शपथ ली कि वे इस विषय पर समुदाय में जागरूकता फैलाने में सक्रिय भूमिका निभाएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!