21 सितंबर को होगा टाऊ धार छिंज मेले का आयोजन, नामी पहलवान करेंगे अपने उम्दा दांव-पेंच का प्रदर्शन

डलहौजी, 19 सितम्बर मुकेश कुमार (गोल्डी)
हर वर्ष की परंपरा को निभाते हुए इस वर्ष भी टाऊ धार छिंज मेले का आयोजन बड़े उत्साह और पारंपरिक रंग-रूप के साथ किया जा रहा है। टाऊ धार छिंज मेला कमेटी के सदस्यों ने जानकारी देते हुए बताया कि
यह डलहौजी-बनीखेत क्षेत्र का आखिरी छिंज मेला होता है। इसके बाद आगामी वर्ष बैसाखी से मेलों की नई श्रृंखला का आगाज होगा।मेले की मुख्य आकर्षण छिंज यानी कुश्ती दंगल होगा, जिसमें स्थानीय और बाहरी क्षेत्रों से आए नामी पहलवान शिरकत करेंगे। आयोजन को लेकर टाऊ धार छिंज मेला कमेटी के पदाधिकारियों ने बताया कि दंगल में भाग लेने वाले पहलवानों के लिए आकर्षक नगद पुरस्कार रखे गए हैं, जिससे मुकाबले और अधिक रोमांचक होने की संभावना है।

दंगल की शुरुआत छोटे बच्चों की कुश्तियों से होगी। इसके बाद विभिन्न वर्गों के पहलवानों के बीच मुकाबले होंगे। परंपरागत रूप से बड़ी माली और छोटी माली के परिणामों की घोषणा के साथ मेले का समापन किया जाएगा।स्थानीय लोगों का कहना है कि टाऊ धार छिंज मेला न केवल खेल और मनोरंजन का अवसर है बल्कि यह क्षेत्र की सांस्कृतिक धरोहर को भी जीवंत बनाए रखता है। हर वर्ष की तरह इस बार भी बड़ी संख्या में दर्शकों के जुटने की संभावना है।मेला कमेटी ने क्षेत्रवासियों और बाहर से आने वाले दर्शकों से आग्रह किया है कि वे इस पारंपरिक आयोजन का हिस्सा बनकर पहलवानों का उत्साहवर्धन करें और खेल भावना को बढ़ावा दें।